लांजी,कारंजा, पवन कश्यप, खबर केसरी - राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 25 सितंबर को विद्या भारती बालभाऊ देवरस सरस्वती शिशु मंदिर कारंजा में ‘नमामि भारतम्’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह ठीक 11 बजे विद्यालय के छात्र-छात्राओं, आचार्यों और अतिथियों ने एक स्वर में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
इतिहास और महत्व पर हुई चर्चा
भगवान श्री गणेश के पूजन और दीप प्रज्वलन के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता श्री अनिल जोशी जी ने वंदे मातरम् के इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित यह गीत उनके उपन्यास ‘आनंदमठ’ का हिस्सा है और यह देश की राष्ट्रीय एकता, अखंडता और स्वाभिमान का अहम प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता लालाराम नंदनवार ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में सचिन अग्रवाल, विलास जुगादे और संजय दूबे भी मौजूद रहे।
छात्रावास को मिला 300 लीटर का सोलर वॉटर हीटर
इस अवसर पर बालाघाट के समाजसेवी सत्यनारायण अग्रवाल द्वारा विद्यालय के छात्रावास को 300 लीटर क्षमता का सौर ऊर्जा संचालित वॉटर हीटर भी भेंट किया गया, जिसका अतिथियों ने उद्घाटन किया। अंत में विद्यालय के प्राचार्य चुन्नीलाल बोपचे ने दानदाता और सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में राष्ट्रप्रेम, एकता और अनुशासन की भावना को मजबूत करते हैं।
#lanji #balaghat #khabarkesri #madhypradesh #vandematram

