Breaking

खबर केसरी

'आशीर्वाद का दीया' से आलोकित हुई झीलों की नगरी भोपाल: 17 सितंबर से 'सेवा संकल्प अभियान-2026' का भव्य आगाज

 


भोपाल, खबर केसरी - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर राजधानी भोपाल में 'सेवा संकल्प अभियान-2026' के तहत आयोजित 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम अभूतपूर्व उत्साह और व्यापक जनभागीदारी के साथ सम्पन्न हुआ। सायंकाल ठीक 7 बजे झीलों की नगरी भोपाल के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के चिह्नित प्रमुख स्थलों पर एक साथ प्रज्ज्वलित हुए दीपों से पूरी राजधानी जगमगा उठी।

​नगरीय क्षेत्रों में ऐतिहासिक एवं प्रमुख स्थलों पर दीपमालाएं

भोपाल के प्रमुख ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों और युवाओं ने एकजुट होकर दीप प्रज्ज्वलित किए:

  • ​ऐतिहासिक व सार्वजनिक क्षेत्र: शाहजहानाबाद का शहीद द्वार, भानपुर खंती, रोशनपुरा चौराहा, 74 बंगले लिंक रोड, मारवाड़ी रोड स्थित यूनानी शफाखाना, शब्बन चौराहा और बोट क्लब।
  • ​सांस्कृतिक व आध्यात्मिक केंद्र: शौर्य स्मारक, बिड़ला मंदिर, मनुआभान टेकरी, दुर्गा मंदिर (गीतांजलि) और ब्रज कॉलोनी (करोंद)।
  • ​घाट व प्रतिमा स्थल: वीआईपी रोड स्थित राजा भोज प्रतिमा, प्रेमपुरा घाट और रानी कमलापति प्रतिमा (आर्च ब्रिज)।
  • ​प्रमुख संस्थान: एम्स अस्पताल, रानी कमलापति रेलवे स्टेशन और लालघाटी का नमो वन।

​ग्रामीण अंचलों के देवस्थानों और सरोवरों पर सजा दीपों का वैभव

राजधानी के ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख देवालयों, अमृत सरोवरों और सार्वजनिक परिसरों में भी ग्रामीणों व स्वयं सहायता समूहों की बहनों ने उत्साहपूर्वक सामूहिक दीपदान किया:

  • ​देवालय व मंदिर प्रांगण: ग्राम पंचायत चंदेरी का रामदेव बाबा मंदिर, पाटनिया का हनुमान मंदिर, अमोनी का पटेल बाबा मंदिर, ईमलिया का तालाब मंदिर, बगरोदा का तालाब मंदिर और फंदा कलां का हरिहर मंदिर।
  • ​सरोवर व तट: अरेड़ी का अमृत सरोवर, ईंटखेड़ी सड़क का नदी तट, बरखेड़ी बाजयाफ्त का तालाब नर्सरी और बरखेड़ा बोन्दर का पाठशाला तालाब परिसर।
  • ​सामुदायिक परिसर: सिकंदराबाद स्थित सामुदायिक शेड।

​जनभागीदारी से सेवा और सामाजिक समरसता का संकल्प

17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित होने वाले माहव्यापी 'सेवा संकल्प अभियान-2026' के अंतर्गत भोपाल में जनभागीदारी से यह भव्य शुरुआत हुई है। दीपों की इस स्वर्णिम आभा ने शहर को उत्सवधर्मिता के साथ-साथ सेवा, सहभागिता और सामाजिक समरसता के संकल्प से भी सुदृढ़ किया। 

Post a Comment

Previous Post Next Post