Breaking

खबर केसरी

अवैध शराब और तहसील में अव्यवस्था के खिलाफ 29 को पनागर में सपा का महाआंदोलन, गांव-गांव जनसंपर्क तेज

 


ग्राम बिहर, बीजौरा और बीजौरी में सपा नेताओं ने की बैठकें, ग्रामीणों से 29 सितंबर को पनागर पहुंचने का आह्वान

​पनागर खबर केसरी - समाजवादी पार्टी द्वारा 29 सितंबर को पनागर में आयोजित होने वाले महाआंदोलन को लेकर जमीनी तैयारी तेज हो गई है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने तहसील क्षेत्र के गांव-गांव पहुंचकर जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है। इसी क्रम में सपा के जिला कार्यकारी अध्यक्ष भाई राजेश यादव और जिला कोषाध्यक्ष दीपक यादव ने ग्राम बिहर, बीजौरा तथा बीजौरी में महिलाओं एवं पुरुषों से सीधा संवाद किया और आंदोलन में शामिल होने का विशेष निमंत्रण दिया।

​अवैध शराब और जनहित के मुद्दों पर हल्ला बोल

जनसंपर्क के दौरान सपा नेताओं ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि गांवों में धड़ल्ले से बिक रही जहरीली व अवैध शराब जनजीवन को प्रभावित कर रही है। शराब के कारण प्रभावित परिवारों की सुरक्षा, अवैध शराब पर रोक और जनहित के अन्य प्रमुख मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से शासन-प्रशासन तक जनता की आवाज पहुंचाई जाएगी।

​तहसील कार्यालय की अव्यवस्थाओं पर भी घेराबंदी

राजेश यादव एवं दीपक यादव ने बताया कि पनागर तहसील कार्यालय में किसानों और आम नागरिकों को अपने जायज कामों के लिए भी बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। राजस्व संबंधी मामलों में अनावश्यक देरी, फाइलों के गुम होने और जनसमस्याओं की अनदेखी पर प्रशासन को घेरा जाएगा। 29 सितंबर को ज्ञापन के माध्यम से इन सभी मुद्दों पर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया जाएगा।

​“29 सितंबर चलो पनागर” का आह्वान

सपा नेताओं ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने अधिकारों और जनहित की इस लड़ाई में 29 सितंबर को बड़ी संख्या में पनागर पहुंचकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

Post a Comment

Previous Post Next Post