जबलपुर। एसपी सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बरगी पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त की है। पुलिस से बचने के लिए तस्कर टोल का बूम बैरियर तोड़ते हुए भागा, लेकिन आगे जाकर गाड़ी डिवाइडर से भिड़ गई।
बरगी थाना प्रभारी नीलेश दोहरे को सूचना मिली थी कि धूमा की तरफ से एक काले रंग की स्कॉर्पियो (MP 20 ZW 5181) में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब लोड कर जबलपुर लाई जा रही है। पुलिस ने निगरी कैनाल के पास नाकाबंदी की। पुलिस को देखते ही चालक ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और टोल प्लाजा का बैरियर तोड़ते हुए भाग निकला। पुलिस ने पीछा किया तो दून स्कूल के सामने कच्ची सड़क पर स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई।
जब्त सामग्री व कार्रवाई:
- आरोपी: आशुतोष शिवहरे (30 वर्ष), निवासी बेलखाडू, कटंगी
- जब्त शराब: 359 बॉटल व 48 पाव अंग्रेजी शराब (ब्रांड्स: ब्लेंडर्स प्राइड, रॉयल स्टैग, वोदका, बकार्डी रम आदि)
- कुल कीमत: शराब की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 1 हजार 560 रुपये
- अन्य जब्ती: तस्करी में इस्तेमाल स्कॉर्पियो और मोबाइल
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट और मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। शराब के सप्लायर और नेटवर्क को लेकर पूछताछ जारी है। कार्रवाई में एसआई असवंत सिंह, प्रधान आरक्षक विजय पटेल, होमन लाल, आरक्षक मिथलेश और सुधीर की मुख्य भूमिका रही।

