जबलपुर, खबर केसरी - 18 सितंबर को गोंडवाना साम्राज्य के अमर शहीद राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह के बलिदान दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित आगमन को देखते हुए प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने गोंडवाना चौक स्थित प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने संबंधित अधिकारियों को प्रतिमा स्थल और आसपास के समूचे परिसर में मुस्तैदी से साफ-सफाई व सौंदर्यीकरण कराने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम में आने वाले श्रद्धालुओं और नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
समाज के पदाधिकारियों से की चर्चा
कलेक्टर ने मौके पर मौजूद गोंड समाज के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों से मुलाकात कर कार्यक्रम की रूपरेखा और अब तक की तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली। इसके साथ ही सुरक्षा, यातायात, पेयजल और मंच व्यवस्था जैसे आवश्यक प्रशासनिक प्रबंधों को लेकर परस्पर चर्चा की।
उल्लेखनीय है कि जनजातीय स्वाभिमान और स्वतंत्रता संग्राम के प्रतीक अमर शहीदों की स्मृति में आयोजित होने वाले इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम को लेकर जनजातीय कार्य विभाग एवं स्थानीय प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
#Jabalpur #RajaShankarShah #KunwarRaghunathShah #BalidanDivas #JansamparkMP #MohanYadav #Gondwana #MadhyaPradesh #khabarkesri
