अम्बेडकर चौराहे से शुरू हुआ यह पैदल मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गांधी चौक पहुंचा। हाथ में मोमबत्तियां लिए सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और अवैध शराब के काले कारोबार पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की।
2 मिनट का मौन रख मृतकों को दी श्रद्धांजलि
गांधी चौक पहुंचकर सभा का आयोजन किया गया, जहां कांग्रेस नेताओं ने हाल ही में अवैध शराब के सेवन से जान गंवाने वाले लोगों और पीड़ित आदिवासी परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। कार्यकर्ताओं ने 2 मिनट का मौन धारण कर मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और इस त्रासदी के लिए सीधे तौर पर प्रदेश सरकार की नाकामी को जिम्मेदार ठहराया।
वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में शक्ति प्रदर्शन
इस वृहद कैंडल मार्च और प्रदर्शन का नेतृत्व नगर अध्यक्ष स्वतंत्र प्रभाकर अवस्थी ने किया। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनीश खान, पूर्व प्रत्याशी शिवजीत सिंह (भैया राजा), राकेश गर्ग, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सौरभ पटेरिया, बृजेंद्र यादव, कदीर खान, शशीकांत दीक्षित और पूर्व किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
प्रदर्शन के दौरान मंडल, सेक्टर, बूथ और जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों के साथ-साथ सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि प्रदेश में अवैध शराब की बिक्री पर जल्द से जल्द कड़ा अंकुश नहीं लगाया गया, तो पार्टी इस आंदोलन को और उग्र रूप देगी।
