कांचघर निवासी महिला का आरोप—इलाज के नाम पर स्वास्थ्य से खिलवाड़, पति 20 दिन से बिस्तर पर; पैसे मांगने पर गाली-गलौज व धमकी
खबर केसरी, संदीप मनवारे, जबलपुर :- संतान प्राप्ति की चाह में इलाज कराने पहुंचे एक दंपती के साथ धोखाधड़ी और स्वास्थ्य से खिलवाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। हनुमानताल थाना क्षेत्र के कांचघर निवासी काजल दाहिया ने क्षेत्रीय अग्रवाल मेडिकल स्टोर के संचालक सुनील अग्रवाल पर संतान सुख का भरोसा दिलाकर 50 हजार रुपये ऐंठने और गलत दवाइयां देकर सेहत बिगाड़ने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
झांसा देकर लिए ₹50 हजार, जांच रिपोर्ट को भी बताया गलत
पीड़िता काजल दाहिया के अनुसार, वे संतान प्राप्ति के लिए परामर्श लेने अग्रवाल मेडिकल स्टोर गई थीं। वहां संचालक सुनील अग्रवाल ने जल्द इलाज कर संतान होने का पूरा भरोसा दिलाया और इलाज के एवज में करीब 50 हजार रुपये ले लिए। महिला का आरोप है कि उन्होंने पूर्व में अस्पताल में जो चिकित्सीय जांच कराई थी, मेडिकल संचालक ने उस जांच रिपोर्ट को गलत ठहरा दिया और खुद की दी गई दवाइयों के सेवन का दबाव बनाया।
गलत दवाओं का दुष्प्रभाव: महिला को इंफेक्शन, पति 20 दिनों से बिस्तर पर
महिला ने बताया कि मेडिकल स्टोर संचालक द्वारा दी गई दवाइयां खाने के कुछ ही दिनों बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें गर्भाशय में असहनीय दर्द, सूजन और गंभीर इंफेक्शन की समस्या हो गई।
इतना ही नहीं, संचालक के कहने पर पति ने भी दवाइयों का सेवन किया, जिसके बाद उनकी तबीयत भी गंभीर रूप से बिगड़ गई। पीड़िता के मुताबिक, उनके पति पिछले 15 से 20 दिनों से गंभीर अस्वस्थ होकर बिस्तर पर हैं। संतान की आस में पैसे खर्च करने के बाद परिवार अब दोहरी स्वास्थ्य और मानसिक पीड़ा झेल रहा है।
बिना बिल दीं दवाएं, विरोध करने पर दी धमकी
पीड़िता का आरोप है कि जब वे तबीयत बिगड़ने और कोई सुधार न होने पर शिकायत लेकर मेडिकल स्टोर पहुंचीं और अपनी रकम वापस मांगी, तो संचालक ने मदद से साफ इनकार कर दिया। महिला का कहना है कि संचालक ने दवाइयों का कोई पक्का बिल भी नहीं दिया था। पैसे वापस मांगने और विरोध करने पर संचालक ने उनके साथ अभद्र भाषा में गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देकर दुकान से भगा दिया।
हनुमानताल पुलिस कर रही है जांच
पीड़िता ने पूरे मामले की लिखित शिकायत हनुमानताल थाने में देकर न्याय की गुहार लगाई है। आवेदन में मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ स्वास्थ्य से खिलवाड़ और धोखाधड़ी की धाराओं में कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा वसूली गई रकम वापस दिलाने की मांग की गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला के आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। संबंधित दवाइयों की जांच, डॉक्टर के परामर्श के बिना दवाएं देने के नियम और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


