जबलपुर (विशेष संवाददाता) -=शहर के गढ़ा स्थित रानी दुर्गावती शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से एक बेहद चौंकाने और अमानवीय घटना सामने आई है। यहाँ कक्षा में बात करने जैसी छोटी सी बात पर एक शिक्षक ने अपना आपा खो दिया और 7वीं कक्षा की एक छात्रा पर डस्टर फेंक कर मार दिया। डस्टर लगने से छात्रा के सिर से खून बहने लगा, जिसके बाद शिक्षा विभाग ने मामले में सख्त रुख अपना लिया है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, रानी दुर्गावती स्कूल में कक्षा 7वीं की छात्रा राधा कोष्टा अपनी क्लास में बात कर रही थी। इसी दौरान स्कूल के माध्यमिक शिक्षक आशीष जैन को इतना गुस्सा आया कि उन्होंने छात्रा को चुप कराने के बजाय उसकी तरफ डस्टर फेंक कर मार दिया। डस्टर सीधे छात्रा के सिर पर लगा जिससे उसे चोट आई और खून निकलने लगा। लहूलुहान हालत में देख स्कूल के अन्य शिक्षकों ने तत्काल तत्परता दिखाते हुए छात्रा को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया और उसका इलाज करवाया।
शिक्षा अधिकारी ने थमाया नोटिस, दिया 3 दिन का समय
इस गंभीर मामले की जानकारी मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी (जबलपुर) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 1 अक्टूबर 2026 को आरोपी शिक्षक आशीष जैन को 'कारण बताओ सूचना पत्र' जारी कर दिया है, जिसमें में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि शिक्षक का यह कृत्य पदीय दायित्वों के बिल्कुल विपरीत है और मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियमों का सीधा उल्लंघन है।
जवाब नहीं दिया तो होगी एकतरफा कार्रवाई
जिला शिक्षा अधिकारी ने शिक्षक आशीष जैन को अल्टीमेटम दिया है कि वे 3 दिन के अंदर स्कूल की प्राचार्य के माध्यम से अपना स्पष्टीकरण पेश करें। नोटिस में सख्त चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समय सीमा में कोई जवाब नहीं आता है, तो यह मान लिया जाएगा कि शिक्षक को अपने बचाव में कुछ नहीं कहना है। ऐसी स्थिति में उनके खिलाफ एकतरफा (ex-parte) दंडात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव वरिष्ठ कार्यालय को भेज दिया जाएगा, जिसके लिए वे खुद जिम्मेदार होंगे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नोटिस की प्रतिलिपि भोपाल स्थित आयुक्त (लोक शिक्षण मध्यप्रदेश) और जबलपुर संभाग के कमिश्नर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को भी सूचनार्थ भेजी गई है।
#jabalpur #khabarkesri #madhypradesh #education #pmshreeschoolgadha
