महेंद्र दुबे, खबर केसरी, नुनसर: - श्री सार्वजनिक दुर्गोत्सव समिति नुनसर के तत्वाधान में श्री गुरु रामलीला मंडल द्वारा आयोजित रामलीला के 8वें दिन 'सीता हरण' प्रसंग का भावपूर्ण मंचन किया गया।
लीला के दौरान रावण के छल से मारीच द्वारा स्वर्ण मृग का रूप धारण करने, प्रभु श्री राम और लक्ष्मण के मृग के पीछे जाने तथा साधु वेश में रावण द्वारा माता सीता के अपहरण के दृश्यों को देखकर दर्शक भावविभोर हो गए। साधु रावण का वेश बाबा मलखान पुरी गोस्वामी, रावण जयेश दुबे, सीता का अभिनय कान्हा दुबे ने किया।
करुण प्रसंग और माता सीता की पुकार सुन पांडाल में मौजूद श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। पूरा परिसर 'जय श्री राम' के जयकारों से गूंज उठा। कार्यक्रम का समापन महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ।
आयोजकों ने बताया कि अगले दिन 'जटायु मोक्ष' और 'सुग्रीव मिलान' की लीला दिखाई जाएगी। भगवान श्रीराम की प्रथम आरती में चौधरी नारायण सिह, रमेश पटेल, अर्जुन पटेल, संतोष पटेल, सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति सधीर दुबे, राजेश यादव, लोकेश शुक्ला, चौ अमन सिह पटेल, रमेंद दुबे, नवीन पटेल शामिल रहे, सभी ने धर्म प्रेम में से माता रानी के दर्शन कर भगवान राम की लीला देख कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

