Breaking

खबर केसरी

घरेलू विवाद में पत्नी ने कुल्हाड़ी से वार कर ली पति की जान, पुलिस ने महिला को किया गिरफ्तार

 


​गोरखपुर थाना क्षेत्र के कैलाशपुरी की सनसनीखेज वारदात, हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद

​जबलपुर, खबर केसरी :- शहर के गोरखपुर थाना अंतर्गत कैलाशपुरी (गुप्तेश्वर) इलाके में पारिवारिक विवाद के चलते एक महिला ने अपने पति पर कुल्हाड़ी से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर हत्या में प्रयुक्त हथियार जब्त कर लिया है।

​शराब के नशे में विवाद के बाद कुल्हाड़ी से किया हमला

पुलिस के अनुसार, कैलाशपुरी निवासी प्रमोद मसीह (50 वर्ष) ने सूचना दी कि उसके पड़ोस में रहने वाला उसका दूर का भतीजा नितिन जायसवाल (37 वर्ष) अपनी पत्नी संगीता (30 वर्ष) और तीन वर्षीय बेटे के साथ रहता था। नितिन शराब पीने का आदी था, जिसके चलते पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

​रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे घर से चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनकर जब पड़ोसी मौके पर पहुंचे, तो नितिन कमरे के भीतर खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ा मिला। पूछताछ में पत्नी संगीता ने बताया कि शराब के नशे में नितिन उसके साथ मारपीट कर रहा था, जिससे आक्रोश में आकर उसने घर में रखी कुल्हाड़ी से पति के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण नितिन की मौके पर ही मौत हो गई।

​हत्या का प्रकरण दर्ज, आरोपी महिला हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही गोरखपुर थाना प्रभारी नितिन कमल और रामपुर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक महेंद्र जाटव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

​पुलिस ने आरोपी पत्नी संगीता जायसवाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। साथ ही वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को जब्त कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post