- बायपास और देव नगर क्षेत्र से पकड़ी गई 1000 से अधिक पेटियां
- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर हुई बड़ी कार्रवाई
इंदौर (खबर केसरी)- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अवैध शराब के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत इंदौर आबकारी विभाग ने लगातार दो दिनों में दो बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दिया है। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के आदेश और सहायक आयुक्त आबकारी श्री अभिषेक तिवारी के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए टीम ने 1000 से अधिक पेटियां अवैध मदिरा बरामद की हैं, जिसकी कुल अनुमानित कीमत 1 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
कार्रवाई 1: बायपास क्षेत्र में 55 लाख की पंजाब-हरियाणा निर्मित शराब जब्त
गश्त के दौरान आबकारी टीम ने बायपास क्षेत्र में एक संदिग्ध कंटेनर को रोककर तलाशी ली। जांच में पंजाब और हरियाणा निर्मित मदिरा की 500 से ज्यादा पेटियां पाई गईं, जिनकी बाजार में कीमत लगभग 55 लाख रुपये है। आबकारी दल ने वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कंटेनर को अपनी अभिरक्षा में ले लिया है।
कार्रवाई 2: देव नगर मार्ग पर आयशर वाहन से 45 लाख की व्हिस्की बरामद
दूसरी कार्रवाई देव नगर क्षेत्र में पंचमुखी हनुमान मंदिर से आरटीओ की ओर जाने वाले मार्ग पर की गई। संदिग्ध आयशर वाहन (MP 09 GH 2370) को रोककर तलाशी लेने पर 'PARIIS ROSE PREMIUM WHISKEY' (180 एमएल) की 500 पेटियां जब्त की गईं। इस खेप की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये है।
अवैध नेटवर्क खंगालने में जुटा विभाग
इस पूरी कार्रवाई में कंट्रोलर कमलेश सोलंकी, डिप्टी कंट्रोलर श्री मनोज अग्रवाल और एडीईओ श्रीमती निधि शर्मा की मुख्य भूमिका रही। आबकारी विभाग अब शराब की इस बड़ी खेप के स्रोत (Origin), गंतव्य (Destination) और इसमें शामिल मुख्य आरोपियों का सुराग लगाने में जुट गया है। अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
