आधुनिक तकनीक और भटकाव के बीच एकाग्रता बढ़ाना शिक्षकों के लिए बड़ी चुनौती: कलेक्टर
जबलपुर (खबर केसरी) - शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा पंडित लज्जा शंकर झा शासकीय मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल में जिला स्तरीय ‘शिक्षक सम्मान समारोह-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में संयुक्त संचालक (लोक शिक्षण) श्री घनश्याम सोनी उपस्थित रहे।
समारोह की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन, दीप प्रज्ज्वलन एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई।
बदलते दौर में तकनीक और भटकाव के बीच शिक्षकों की चुनौती बढ़ी
शिक्षकों को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह ने कहा कि व्यक्ति जीवन में जिस मुकाम पर पहुंचता है, उसमें उसके गुरुओं के दिए मार्गदर्शन और संस्कारों का सबसे बड़ा योगदान होता है। उन्होंने कहा कि पिता और गुरु दोनों ही जीवन में अनुशासन और नैतिक मूल्य स्थापित करते हैं।
कलेक्टर ने आधुनिक दौर की चुनौतियों पर चिंता जताते हुए कहा, "आज मोबाइल और मनोरंजन के साधनों के कारण हर आयु वर्ग में भटकाव बढ़ा है। ऐसे माहौल में बच्चों को एकाग्रचित्त रखना, अनुशासित बनाना और उनमें सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना शिक्षकों के सामने एक बड़ी चुनौती है।"
राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अहम: घनश्याम सोनी
विशिष्ट अतिथि संयुक्त संचालक श्री घनश्याम सोनी ने डॉ. राधाकृष्णन के योगदान को याद करते हुए कहा कि शिक्षक केवल पढ़ाते नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का चरित्र निर्माण कर उन्हें राष्ट्र निर्माण के लिए योग्य नागरिक बनाते हैं।
104 शिक्षकों और प्राचार्यों का हुआ नागरिक अभिनंदन
जिला शिक्षा अधिकारी श्री गौतम बर्वे ने स्वागत भाषण में बताया कि संकुल प्राचार्यों और विकासखंड शिक्षा अधिकारियों की अनुशंसा पर जिले के 14 सेवानिवृत्त और 90 वर्तमान में कार्यरत प्राचार्यों व शिक्षकों (कुल 104) को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए चयन कर सम्मानित किया गया है।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
समारोह में डीपीसी श्री योगेश शर्मा, सहायक संचालक श्रीमती सोनम कटारे, डीएसओ श्रीमती मधुमिता हाजरा, बीआरसी श्री अजय रजक सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, विभागीय अधिकारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

