रमेश रजक, भेड़ाघाट, जबलपुर - जबलपुर के सीहोदा स्थित शासकीय प्राथमिक माध्यमिक शाला में नवरात्रि के पावन पर्व पर गरबा महोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने गरबा नृत्य की शानदार प्रस्तुतियाँ देकर सभी का मन मोह लिया। छोटे-छोटे बच्चे राधा-कृष्ण के स्वरूप में नजर आए, वहीं विद्यार्थियों ने दस देवियों के नामों का उच्चारण कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
नवरात्रि के पावन अवसर पर सीहोदा शासकीय प्राथमिक माध्यमिक शाला में भक्ति, उत्साह और उमंग का अनूठा संगम देखने को मिला। कक्षा पाँचवीं से आठवीं तक के विद्यार्थियों ने पारंपरिक गरबा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं।
कार्यक्रम में छोटे-छोटे बच्चों ने राधा-कृष्ण का स्वरूप धारण कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। वहीं, विद्यार्थियों ने माँ दुर्गा के दस स्वरूपों का मंचन करते हुए दस देवियों के नामों का उच्चारण किया और भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था एवं नारी शक्ति का सुंदर संदेश दिया।
इस आयोजन की खास बात यह रही कि विद्यालय की शिक्षिकाओं ने भी बच्चों के साथ गरबा नृत्य में सहभागिता की। कार्यक्रम में श्रीमती भावना सोलंकी, प्राचार्य माध्यमिक शाला सीहोदा, शिक्षिका शालिनी वाल्मीकि एवं सीता मैडम, सीहोदा की सहभागिता रही। शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने मिलकर गरबा नृत्य किया, जिससे विद्यालय परिसर भक्तिमय और उत्साहपूर्ण हो गया।
इस आयोजन के माध्यम से बच्चों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और नवरात्रि पर्व के महत्व से परिचित कराने का सराहनीय प्रयास किया गया। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
सीहोदा शासकीय प्राथमिक माध्यमिक शाला का यह आयोजन बच्चों की प्रतिभा को मंच देने के साथ-साथ उनमें सांस्कृतिक मूल्यों और धार्मिक आस्था को बढ़ावा देने का सुंदर उदाहरण रहा।

