विशेष संवाददाता, खबर केसरी, अमानगंज, (पन्ना) -
नगर में बेखौफ फल-फूल रहे अवैध शराब, गांजा और प्रतिबंधित नशीली दवाओं के सिंडिकेट को लेकर नगर कांग्रेस कमेटी ने सीधे सत्ता और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। नगर अध्यक्ष वसीम खान के नेतृत्व में उग्र कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर पन्ना के नाम तहसीलदार को ज्ञापन थमाते हुए दो टूक शब्दों में 10 दिन की मोहलत दी है—कार्रवाई करो वरना चक्काजाम झेलने को तैयार रहो।
मुर्गा मार्केट में खिड़की से शराब, वार्डों में गांजे का खुला खेल
ज्ञापन में सीधे आरोप लगाया गया कि अमानगंज में खाकी और आबकारी की नाक के नीचे संगठित नशा तंत्र चल रहा है। पुल के पास स्थित मुर्गा मार्केट में शराब दुकान के पीछे बाकायदा खिड़की काटकर अवैध रूप से शराब की तस्करी की जा रही है। यही नहीं, नगर के गली-मोहल्लों में खुलेआम गांजा खपाया जा रहा है और मेडिकल स्टोर्स से युवाओं को नशे की गोलियां और सिरप परोसी जा रही हैं। गांवों में बाइकों से अवैध शराब की होम डिलीवरी का खुला खेल बदस्तूर जारी है।
पवित्र शिवालय के पास खुली दुकान, धार्मिक भावनाएं आहत
कांग्रेस ने नगर के बीचों-बीच स्थित ऐतिहासिक शिवालय के पास संचालित शराब दुकान पर जमकर आक्रोश जताया। नेताओं ने पूछा कि आखिर किस दबाव में मंदिर के नजदीक इस दुकान को चलने दिया जा रहा है? इसे तत्काल शहर की सीमा से बाहर खदेड़ने की मांग की गई।
वसीम खान की दो टूक: 'क्या सागर के बंडा जैसे बड़े कांड का इंतजार है?'
पत्रकारों के सामने आबकारी विभाग और पुलिस पर बरसते हुए नगर अध्यक्ष वसीम खान ने तीखे शब्दों में कहा, "शहर में खुलेआम जहर बंट रहा है और जिम्मेदार आंखें मूंदे बैठे हैं। यह धंधा किसकी शह और जेब भरने के दम पर चल रहा है? क्या प्रशासन सागर जिले के बंडा जैसे किसी बड़े और जानलेवा कांड का इंतजार कर रहा है?" उन्होंने साफ चेतावनी दी कि यदि 10 दिनों में नशा माफिया पर सख्त कार्रवाई और गिरफ्तारियां नहीं हुईं, तो कांग्रेस जनता को साथ लेकर सड़कों पर उतरेगी और ऐसा आंदोलन होगा जिसकी पूरी जवाबदेही लापरवाह प्रशासन की होगी।
मैदान में डटे रहे दिग्गज और कार्यकर्ता
इस उग्र प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सौरभ दुबे, जिला महासचिव भूपेंद्र सिंह बुंदेला, संगठन प्रभारी पीयूष देव सिंह, वरिष्ठ नेता वीरेंद्र खटीक, सजल ताम्रकार, संदीप तिवारी, प्रीति बागरी, अरुण लोधी, सुनील शर्मा, मुन्ना मिश्रा घटारी, अश्वनी भटनागर, प्रमोद कुमार वर्मा और शिवम सोनी सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता व स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
