Breaking

खबर केसरी

एनसीईआरटी के डीसीजीसी विभाग ने किया भव्य करियर प्रदर्शनी का आयोजन, छात्रों को मिले भविष्य संवारने के टिप्स

नई दिल्ली (खबर केसरी): -  छात्रों को नए और उभरते करियर विकल्पों से रूबरू कराने के मकसद से एनसीईआरटी (NCERT) के शैक्षिक मनोविज्ञान एवं शिक्षा आधार विभाग (DEPFE) ने एक शानदार करियर प्रदर्शनी का आयोजन किया। डिप्लोमा कोर्स इन गाइडेंस एंड काउंसलिंग (DCGC) के तहत यह कार्यक्रम 10 सितंबर 2026 को पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, सेक्टर 2, आर.के. पुरम में आयोजित किया गया। यह पूरा आयोजन विभाग के प्रमुख प्रोफेसर प्रभात कुमार मिश्रा के कुशल मार्गदर्शन और देखरेख में संपन्न हुआ।

​39 स्टॉल्स पर दिखी नए दौर के करियर की झलक

इस प्रदर्शनी में डिप्लोमा कोर्स के ट्रेनीज ने उभरते करियर विकल्पों पर 39 जीवंत और सूचनात्मक मॉडल्स (एग्जिबिट्स) पेश किए। प्रदर्शनी को लेकर स्कूली बच्चों और शिक्षकों में भारी उत्साह देखने को मिला, जिसमें 500 से अधिक छात्र-छात्राओं और अध्यापकों ने हिस्सा लिया और करियर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं।


           पद्मश्री दादी दोराब पुदुमजी ने किया उद्घाटन

कार्यक्रम का उद्घाटन पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित और ‘इशारा पपेट थिएटर ट्रस्ट’ के संस्थापक श्री दादी दोराब पुदुमजी ने किया। छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी करियर को चुनते वक्त अपनी अंदरूनी प्रतिभा, हुनर और क्षमताओं को पहचानना सबसे जरूरी है। भेड़चाल में चलने के बजाय अपनी रुचि के क्षेत्र में आगे बढ़ना ही असली सफलता दिलाता है।

​         एआई (AI) इंजीनियरिंग पर एक्सपर्ट टॉक

आज के डिजिटल दौर को देखते हुए ऑर्गनवुड लैब्स, नई दिल्ली के सॉफ्टवेयर इंजीनियर तुषार गौरव ने 'आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इंजीनियरिंग' पर एक खास टॉक दी। उन्होंने छात्रों को बताया कि AI के क्षेत्र में करियर की क्या संभावनाएं हैं, इससे जुड़े बड़े भ्रम क्या हैं और इस फील्ड में एंट्री कैसे ली जा सकती है। साथ ही उन्होंने इस काम के लिए जरूरी वर्क कल्चर और पर्सनल स्किल्स पर भी रोशनी डाली।

​कार्यक्रम को सफल बनाने में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय (आर.के. पुरम) के प्रिंसिपल श्री सत्य नारायण, डीईपीएफई की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. नीलम और डिप्लोमा ट्रेनी श्रीमती अमनदीप कौर का भी अहम योगदान रहा।



Post a Comment

Previous Post Next Post