Breaking

खबर केसरी

बारिश में बदहाल हुई धनपुरी की सड़कें, कीचड़ और जलभराव से ग्रामीण परेशान


धनपुरी/बरेला, खबर केसरी -
बारिश के बाद धनपुरी गांव की सड़कों की स्थिति बेहद खराब हो गई है। कई रास्तों पर पानी और कीचड़ जमा होने से ग्रामीणों का आवागमन मुश्किल हो गया है। गांव के अंदर जाने वाले मार्गों पर जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ होने से दोपहिया वाहन चालकों को खास तौर पर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान सड़क की स्थिति और भी खराब हो जाती है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों को कीचड़ भरे रास्तों से गुजरना पड़ रहा है। कई स्थानों पर जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पर ही पानी जमा है।

          समस्या को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी

स्थानीय लोगों का आरोप है कि पंचायत स्तर पर कई बार समस्या की जानकारी देने के बावजूद सड़क सुधार और जलनिकासी को लेकर ठोस पहल नहीं की गई। ग्रामीणों ने मांग की है कि खराब रास्तों पर तत्काल मुरुम एवं गिट्टी डलवाकर आवागमन सुचारु कराया जाए और सफाई व जलनिकासी की व्यवस्था की जाए।

      समिति ने प्रशासन से की तत्काल कार्रवाई की मांग

श्री बाल हनुमान गणेश उत्सव समिति धनपुरी के सदस्यों शुभम पटेल, अरमान पटेल, अमन पटेल, हर्षू पटेल, आकाश पटेल, अभिषेक रजक, निशांत यादव, समीर पटेल, सूर्या पटेल, करन पटेल और गौरव पटेल ने ग्राम पंचायत प्रशासन से धनपुरी में सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने और खराब सड़कों की समस्या का जल्द निराकरण कराने की मांग की है, ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो समस्या को लेकर आंदोलन का रास्ता अपनाया जा सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post