Breaking

खबर केसरी

गौरीघाट में 1.11 लाख दीपों से सजेगा ‘आशीर्वाद का दीया’, रक्तदान शिविरों की भी तैयारी

कलेक्टर राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक; ब्लॉक स्तर पर लगेंगे रक्तदान शिविर, गौरीघाट और मदन महल सहित प्रमुख स्थलों पर होगा दीपदान


जबलपुर, खबर केसरी - जबलपुर में 'सेवा संकल्प अभियान' को भव्य रूप देने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियाँ तेज कर दी हैं। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में 17 सितम्बर को होने वाले रक्तदान शिविरों और गौरीघाट में आयोजित 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया।

​बैठक में नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार, जिला पंचायत सीइओ अभिषेक गहलोत और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. आयुष जाखड़ सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

​खबर के मुख्य बिंदु 

  • ​गौरीघाट पर जलेगा 'आशीर्वाद का दीया': 17 सितम्बर को शाम 7 बजे गौरीघाट पर एक साथ 1 लाख 11 हजार 111 दीये प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसके अलावा मदन महल और शहर के प्राचीन स्थलों पर भी दीप जलाए जाएंगे।
  • ​1.5 लाख दीयों की व्यवस्था: नगर निगम आयुक्त ने बताया कि कार्यक्रम के लिए डेढ़ लाख दीये, तेल और लाइटर की व्यवस्था कर ली गई है।
  • ​नोडल अधिकारियों को जिम्मेदारी: सेक्टर वाइज व्यवस्थाओं को संभालने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
  • ​ब्लॉक स्तर पर रक्तदान शिविर: 17 सितंबर को शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ब्लॉक, जनपद और नगरीय निकायों में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे।
  • ​मेडिकल टीमों का गठन: मेडिकल कॉलेज और विक्टोरिया अस्पताल से डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की विशेष टीमें गठित की जा रही हैं।

​कलेक्टर ने दिए बेहतर समन्वय के निर्देश

​कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने ब्लड स्टोरेज की क्षमता और उपलब्धता की समीक्षा करते हुए आवश्यकतानुसार टीमों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से स्थान, बेड और मेडिकल टीमों की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

​इसके साथ ही, अभियान के अंतर्गत आने वाले दिनों में आयोजित होने वाली गतिविधियों के लिए स्थान और तिथि तय कर एक विस्तृत कैलेंडर तैयार करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post