Breaking

खबर केसरी

बरगी बांध के 17 गेट खुलने से धुआंधार जलप्रपात हुआ जलमग्न, घूमने जा रहे लोगों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

 


बरगी बांध का जलस्तर बढ़ने पर की गई जल निकासी, धुआंधार के पास बेखौफ नजर आए पर्यटक; मौके पर सुरक्षा इंतजाम नदारद

भेड़ाघाट, रमेश रजक, खबर केसरी - बरगी बांध का जलस्तर बढ़ने के बाद बांध के 17 गेट खोलकर जल निकासी की गई। बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने से विश्व प्रसिद्ध धुआंधार जलप्रपात का स्वरूप पूरी तरह बदल गया और तेज बहाव के चलते जलप्रपात पानी में लगभग गायब नजर आया।

जलप्रवाह बढ़ने के बावजूद धुआंधार क्षेत्र में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते रहे। कई पर्यटक पानी के बेहद करीब जाकर सेल्फी लेते और तस्वीरें खिंचवाते नजर आए। ऐसे में किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रही।

सबसे गंभीर बात यह रही कि मौके पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था दिखाई नहीं दी। पर्यटकों को खतरनाक स्थानों पर जाने से रोकने के लिए न तो पुलिसकर्मी नजर आए और न ही नगर परिषद भेड़ाघाट के कर्मचारी अथवा अधिकारी मौके पर मौजूद दिखाई दिए। तेज जलप्रवाह के बीच इस तरह पर्यटकों का पानी के करीब पहुंचना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बरगी बांध से पानी छोड़े जाने के दौरान धुआंधार क्षेत्र में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की आवश्यकता रहती है। ऐसे समय में पुलिस और नगर परिषद के कर्मचारियों की तैनाती कर पर्यटकों को सुरक्षित दूरी पर रखना जरूरी है, ताकि किसी भी संभावित हादसे को टाला जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post