NH-30 सड़क के बीचोबीच पड़ी दरार से गिरकर घायल हो रहे राहगीर
पनागर, खबर केसरी - पनागर-बामनोद-उमरिया चौबे रोड को राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-30) से जोड़ने वाले मुख्य मोड़ पर सड़क के ठीक बीच बना खतरनाक गैप राहगीरों के लिए काल साबित हो रहा है। लंबे समय से प्रशासनिक उपेक्षा का शिकार इस मार्ग पर आज फिर एक दर्दनाक हादसा घटित हो गया। मोड़ पर बने इस गैप के कारण वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया और दुर्घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
आए दिन हो रहे हादसे, राहगीरों की जान जोखिम में
स्थानीय निवासियों और नियमित राहगीरों का कहना है कि NH-30 को जोड़ने वाले इस प्रमुख मोड़ पर सड़क के बीचों-बीच काफी समय से बड़ा गैप बना हुआ है। तेज रफ्तार से आने वाले वाहनों को मोड़ पर अचानक यह गैप दिखाई नहीं देता, जिससे आए दिन वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। इस स्थान पर कई लोग पूर्व में भी गंभीर रूप से चोटिल हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद शासन-प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
आज घटित घटना से लोगों में आक्रोश
आज हुए हादसे में वाहन चालक सड़क के बीच बने गैप की चपेट में आ गया, जिससे वाहन बुरी तरह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में 1 युवक को गंभीर चोटें आई हैं, जिसे तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। रोज-रोज हो रही इन दुर्घटनाओं को लेकर क्षेत्र के लोगों में बेहद आक्रोश है।
विभाग से अपील: तत्काल कराया जाए मेंटेनेंस
संबंधित विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों को समय रहते इस समस्या का समाधान कराया जाना चाहिए, ताकि दुर्घटना न घटे, कभी यह बड़े हादसे की वजह भी बन सकता है,
शासन-प्रशासन से लोगो ने चेताया है कि किसी बड़ी जनहानि या अनहोनी का इंतजार करने के बजाय, अति शीघ्र इस रोड का मेंटेनेंस कार्य प्रारंभ कराया जाए। सड़क के गैप को तत्काल भरकर मार्ग को सुगम बनाया जाए, ताकि यहां से गुजरने वाले बेकसूर राहगीरों की जान बचाई जा सके।

