Breaking

खबर केसरी

जबलपुर–कटंगी मार्ग पर नगना तिराहे पर फंसा ट्राला, घंटों लगा रहा लंबा जाम; 2 क्रेन बुलाकर निकाला बाहर


 बेलखाडू (जबलपुर) -  जबलपुर–कटंगी मार्ग पर बेलखाडू के समीप नगना तिराहे पर सड़क किनारे एक भारी ट्राला फंस जाने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सड़क संकरी होने और ट्राले के फंसे रहने के कारण मार्ग पर घंटों यातायात प्रभावित रहा, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

​         दो क्रेनों की मदद से निकाला गया बाहर

जानकारी के अनुसार ट्राला (क्रमांक MH 40 CT 0882) नगना तिराहे के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे फंस गया था। ट्राला इतना भारी था कि उसे निकालने के लिए दो क्रेन बुलानी पड़ीं। काफी मशक्कत के बाद ट्राले को खींचकर हटाया गया, तब जाकर धीरे-धीरे यातायात बहाल हो सका।

​     अवैध पार्किंग से संकरा हुआ मार्ग, हादसे का खतरा

स्थानीय लोगों और राहगीरों ने बताया कि नगना तिराहे के आसपास लंबे समय से ट्रक और ट्राले सड़क के दोनों किनारों पर खड़े कर दिए जाते हैं। मनमाने तरीके से खड़े इन भारी वाहनों के कारण मुख्य मार्ग बेहद संकरा हो जाता है। ऐसे में जब आमने-सामने से दो बड़े वाहन गुजरते हैं, तो क्रॉसिंग के दौरान जाम की स्थिति बन जाती है और हमेशा बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।

​             जिम्मेदारों से तत्काल कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क किनारे खड़े इन भारी वाहनों के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग इस समस्या की अनदेखी कर रहा है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि नगना तिराहे के दोनों किनारों पर भारी वाहनों की अवैध पार्किंग पर तुरंत रोक लगाई जाए और नियमित पेट्रोलिंग कर लापरवाह चालकों पर सख्त कार्रवाई की जाए।



Post a Comment

Previous Post Next Post