नुनसर (जबलपुर)। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत पाटन विधानसभा क्षेत्र के ग्राम नुनसर में शुक्रवार को विधायक अजय विश्नोई, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने विभिन्न शासकीय संस्थाओं का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने जमीनी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों के कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
संस्थाओं का निरीक्षण और पौधरोपण
अभियान के तहत टीम ने नुनसर पुलिस चौकी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, आरोग्य मंदिर और पशु औषधालय का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की जानकारी ली। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए आरोग्य मंदिर परिसर में पौधरोपण भी किया गया।
बच्चों को परोसा खाना, साथ बैठकर किया भोजन
पीएम श्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नुनसर पहुंचने पर विधायक, कलेक्टर और एसपी ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया और स्कूल की शैक्षणिक व बुनियादी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद अतिथियों ने बच्चों को अपने हाथों से मध्याह्न भोजन परोसा और जमीन पर बैठकर उनके साथ भोजन भी किया। अधिकारियों के इस सहज और आत्मीय व्यवहार से बच्चे बेहद उत्साहित नजर आए।
चौपाल में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
स्कूल के बाद ग्राम पंचायत भवन में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं और शिकायतें सुनी गईं। स्थानीय लोगों ने पानी, बिजली और सड़क से जुड़ी समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर निराकरण के कड़े निर्देश दिए, इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
