110 गैर-म्यादी, 73 गिरफ्तारी व 71 जमानती वारंट तामील; देर रात बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों पर सघन चेकिंग
जबलपुर, खबर केसरी - जिले में कानून व्यवस्था मजबूत करने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर बीती रात शहर व देहात में ताबड़तोड़ कॉम्बिंग गश्त की गई। रात 9 बजे से तड़के 2 बजे तक चले इस विशेष अभियान में पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों के कुल 254 वारंट तामील कर बड़ी सफलता हासिल की है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) डॉ. आयुष जाखड़, एएसपी जोन-2 पल्लवी शुक्ला, एएसपी जोन-4 अंजना तिवारी, एएसपी मुख्यालय सूर्यकांत शर्मा और एएसपी (यातायात) अखिलेश तिवारी के नेतृत्व में शहर और देहात के सभी थाना प्रभारियों ने भारी पुलिस बल के साथ एक साथ दबिश दी।
कार्रवाई के मुख्य बिंदु:
- 254 वारंट तामील: पुलिस टीमों ने छापेमारी कर कई वर्षों से फरार 110 गैर-म्यादी वारंटियों, 73 गिरफ्तारी वारंटियों और 71 जमानती वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
- सघन तलाशी अभियान: गश्त के दौरान रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मुसाफिरखाना और प्रमुख चौराहों पर संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की गहन चेकिंग की गई।
- बदमाशों पर सख्ती: क्षेत्र के सक्रिय गुंडे-बदमाशों के ठिकानों पर दबिश देकर देर रात बेवजह घूमने वालों से पूछताछ की गई।
"जनता में सुरक्षा की भावना पैदा करना और अपराधियों पर अंकुश लगाना हमारी प्राथमिकता है। लंबे समय से कानून से बच रहे अपराधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।"
— सम्पत उपाध्याय, पुलिस अधीक्षक, जबलपुर
