Breaking

खबर केसरी

क्राइम ब्रांच व मदन महल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 5 लाख का 10 किलो गांजा जब्त, तस्कर रंगे हाथ गिरफ्तार

 


बिहार निवासी आरोपी ओडिशा से लाया था खेप, जबलपुर में डिलीवरी से पहले मॉडल रोड पर दबोचा; साथी फरार

​जबलपुर, खबर केसरी - शहर में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत क्राइम ब्रांच और मदन महल थाना पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने मॉडल रोड पर घेराबंदी कर एक अंतरराज्यीय गांजा तस्कर को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 5 लाख 8 हजार 400 रुपये मूल्य का 10 किलो 168 ग्राम अवैध गांजा और एक एंड्रॉयड मोबाइल जब्त किया गया है।

​पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय द्वारा अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के दिए गए निर्देशों के तहत यह अभियान चलाया जा रहा है। एएसपी शहर डॉ. आयुष जाखड़, सीएसपी कोतवाली अखिलेश गौर और डीएसपी क्राइम उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में यह संयुक्त कार्रवाई की गई।

​मुखबिर की सूचना पर मॉडल रोड पर घेराबंदी

​मदन महल थाना प्रभारी उमेश यादव के अनुसार, 12 सितंबर 2026 की दरमियानी रात क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि मॉडल रोड स्थित लॉयड गैलरी के सामने एक संदिग्ध व्यक्ति बस से उतरा है। उसके पास नीले और हरे रंग के बैग हैं, जिनमें मादक पदार्थ होने की आशंका है। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच और मदन महल पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश देकर संदिग्ध को घेराबंदी कर पकड़ लिया।

​पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम रवि कुमार पिता बबन ओझा (उम्र 50 वर्ष), निवासी ग्राम इस्माईलपुर (थाना मेंहदिया, जिला अरवल, बिहार), वर्तमान निवासी बस स्टैंड के पास, झारसुगुड़ा (ओडिशा) बताया।

​बैग की तलाशी में मिले 10 पैकेट गांजा

​पुलिस टीम ने जब आरोपी के दोनों बैगों की तलाशी ली, तो हरे रंग के बैग से 5 पैकेट और नीले रंग के बैग से 5 पैकेट गांजा बरामद हुआ। एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत जब्ती कर तौल कराई गई, तो कुल वजन 10 किलो 168 ग्राम निकला, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 5,08,400 रुपये आंकी गई है।

​जबलपुर के मलखान को देनी थी डिलीवरी

​कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी रवि कुमार ने खुलासा किया कि वह पाटन रोड (जबलपुर) क्षेत्र निवासी मलखान नामक व्यक्ति के साथ बस से आया था। मलखान ने उसे तीन पत्ती बस स्टैंड पर मिलने की बात कही थी और खुद बस स्टैंड से कुछ दूरी पहले ही उतर गया था। आरोपी ने बताया कि गांजे की इस खेप और डिलीवरी नेटवर्क की पूरी जानकारी मलखान के पास ही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और फरार साथी मलखान की तलाश में दबिश दी जा रही है।

​कार्रवाई में इनकी रही सराहनीय भूमिका

​आरोपी को दबोचने में थाना प्रभारी अपराध शैलेष मिश्रा के निर्देशन में क्राइम ब्रांच के एएसआई नरेश पासी, प्रधान आरक्षक राजेश पाण्डे, अखिलेश पाण्डे, आरक्षक गोविन्द राय तथा बस स्टैंड चौकी प्रभारी एसआई जगन्नाथ यादव, प्रधान आरक्षक नवीन झारिया, आरक्षक लक्ष्मी, दीपक, अभिषेक, आयुष और सायबर सेल के एसआई कपूर सिंह मरावी व आरक्षक शशांक तिवारी की सक्रिय भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post