Breaking

खबर केसरी

ओडिशा से जबलपुर लाई जा रही गांजे की बड़ी खेप जब्त: क्राईम ब्रांच और तिलवारा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 2 तस्कर गिरफ्तार

 


लम्हेटा बायपास पर घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी; करीब 2 लाख रुपये का 3.978 किलो गांजा और मोबाइल बरामद, ओडिशा के तितिलागढ़ से जुड़े तार

जबलपुर (खबर केसरी)। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राईम ब्रांच और तिलवारा पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लम्हेटा बायपास पर घेराबंदी कर ओडिशा से गांजा लाकर सप्लाई करने वाले दो तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 3 किलो 978 ग्राम अवैध गांजा (अनुमानित कीमत ₹1.98 लाख) और एक मोबाइल जब्त किया गया है।

​पुलिस को देखकर भागने लगे थे आरोपी

​थाना प्रभारी तिलवारा बृजेश मिश्रा ने बताया कि शनिवार रात गश्त के दौरान लम्हेटा बायपास पर अमर टायर के टपरे के सामने दो युवक संदिग्ध अवस्था में खड़े दिखे। इनमें से एक युवक नीले रंग का पिट्ठू बैग लिए हुए था। पुलिस टीम को देखते ही दोनों भागने लगे, जिन्हें टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर पकड़ लिया।

​पूछताछ में आरोपियों की पहचान हिंमांशु कश्यप (21 वर्ष) और दिनेश गौंड़ ठाकुर (28 वर्ष), दोनों निवासी क्रेशर बस्ती तिलवारा के रूप में हुई। बैग की तलाशी लेने पर दो पैकेट में भरा लगभग 4 किलो गांजा बरामद हुआ।

​ओडिशा के तितिलागढ़ से जुड़े तस्करी के तार

​कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि क्रेशर बस्ती निवासी प्रेम बर्मन के कहने पर वे ओडिशा के तितिलागढ़ गए थे। वहाँ शंभू नामक व्यक्ति ने उन्हें गांजे की डिलीवरी दी, जिसका ऑनलाइन भुगतान प्रेम बर्मन ने किया था।

​पकड़े जाने से बचने के लिए आरोपी गांजे की खेप लेकर पहले ट्रेन से नागपुर पहुंचे और फिर नागपुर से बस बदलकर जबलपुर आए थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 8/20 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

​सराहनीय भूमिका:

​इस कार्रवाई में तिलवारा थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा, उप निरीक्षक पी.एल. बंसल, आरक्षक शैलेन्द्र, राजेश गुप्ता, देवा, दुर्गेश चौधरी तथा क्राईम ब्रांच डीएसपी शैलेष मिश्रा के निर्देशन में एएसआई संतोष पाण्डे, अशोक मिश्रा, प्रधान आरक्षक मनीष सिंह, आरक्षक इंद्रजीत, संतोष एवं प्रीतम उपाध्याय की मुख्य भूमिका रही।


Post a Comment

Previous Post Next Post