Breaking

खबर केसरी

कटंगी की मुख्य सड़क पर 'गड्ढों का राज': शांति समिति में मिले केवल आश्वासन, त्योहारों के बीच हादसे का बढ़ा खतरा

 


दमोह-जबलपुर मार्ग की बदहाली से राहगीर परेशान; गणेशोत्सव और पर्युषण पर्व पर बढ़ा यातायात का दबाव, नगरवासियों ने की स्थायी मरम्मत की मांग

विशेष संवाददाता कटंगी - दमोह -जबलपुर मार्ग की बदहाली किसी से छिपी नहीं है, लेकिन कटंगी नगर के भीतर मुख्य सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे अब नागरिकों के लिए परेशानी के साथ-साथ दुर्घटना का कारण भी बन रहे हैं। सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढे इतने बड़े हो चुके हैं कि वाहन चालकों को इनसे बचकर निकलना पड़ता है। दोपहिया और चारपहिया वाहनों को नुकसान पहुंच रहा है, वहीं दुर्घटनाओं में लोग घायल भी हो चुके हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग सड़क की स्थायी मरम्मत को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा है।

शिकायतों के बाद भी नहीं बदली तस्वीर

नगरवासियों का कहना है कि सड़क के गड्ढों को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदारों का ध्यान आकर्षित कराया जा चुका है। समय-समय पर गड्ढों में सामग्री डालकर उन्हें भरने का प्रयास किया जाता है, लेकिन कुछ ही समय में गड्ढे फिर अपने पुराने स्वरूप में आ जाते हैं। नागरिकों का आरोप है कि स्थायी समाधान के बजाय अब तक केवल औपचारिकता निभाई जा रही है।

शांति समिति की बैठक में आश्वासन, सड़क पर वही हाल

हर बड़े त्योहार से पहले आयोजित होने वाली शांति समिति की बैठक में सड़क के गड्ढों का मुद्दा उठता है। गणेश उत्सव के दौरान नगर की मुख्य सड़क पर आवागमन बढ़ने के बावजूद गड्ढों की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। अब गणेशोत्सव एवं जैन धर्म के पर्युषण पर्व चल रहा है, लेकिन मुख्य मार्ग की हालत जस की तस बनी हुई है। आगामी त्योहारों में भी बाजार और मुख्य मार्ग पर लोगों की आवाजाही बढ़ने वाली है, ऐसे में गड्ढे बड़ी परेशानी का कारण बन सकते हैं।

नागरिकों की दो टूक—अब आश्वासन नहीं, स्थायी समाधान चाहिए

नगरवासियों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि मुख्य सड़क के गड्ढों की तत्काल प्रभाव से मरम्मत कराई जाए और केवल गड्ढे भरने की खानापूर्ति के बजाय पूरी सड़क की तकनीकी जांच कराकर गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी सुधार कार्य कराया जाए। नागरिकों ने कहा कि त्योहारों के दौरान सड़क पर यातायात का दबाव बढ़ने से किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

नागरिकों ने यह भी मांग की है कि जिम्मेदार विभाग मौके का निरीक्षण कर मरम्मत कार्य की समय-सीमा तय करे और कार्य की गुणवत्ता की निगरानी सुनिश्चित की जाए। यदि सड़क की स्थिति में तत्काल सुधार नहीं किया गया तो नागरिकों को आवागमन में लगातार परेशानी झेलनी पड़ेगी। लोगों का कहना है कि हर शांति समिति की बैठक में गड्ढे भरने का आश्वासन देने के बजाय अब जमीन पर काम दिखाई देना चाहिए। प्रशासन हादसे का इंतजार किए बिना समय रहते सड़क को दुरुस्त कराए।

Post a Comment

Previous Post Next Post