मां नाहनदेवी समिति की पहल पर ककरहटा में जुटी बैठक; जटासी, मिडकी, मुरगवां और कांटी के प्रतिनिधि व कटंगी थाना प्रभारी भी रहे मौजूद
विशेष संवाददाता, कटंगी - ग्राम ककरहटा में मां नाहनदेवी जनजागरण समिति द्वारा जीवन जागरण दर्शन कार्यक्रम के अंतर्गत ककरहटा, जटासी, मिडकी, मुरगवां और कांटी गांवों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में गांवों में बढ़ते नशे के चलन और उसके दुष्परिणामों पर गंभीरता से चर्चा करते हुए नशे की रोकथाम के लिए जनजागरण अभियान चलाने तथा उसके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि नशे का बढ़ता चलन युवाओं और बच्चों के भविष्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है। इसे रोकने के लिए केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। सभी ने गांवों की बेहतरी और बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए इस पहल को क्षेत्र के अन्य गांवों तक विस्तार देने में सहभागी बनने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम मां नाहनदेवी जनजागरण समिति के संस्थापक अमित राजपूत के नेतृत्व में आयोजित हुआ। इस दौरान ककरहटा, जटासी, मिडकी, मुरगवां और कांटी सहित विभिन्न गांवों के सरपंच, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
बैठक में वेद प्रकाश गर्ग, देवेंद्र सिंह, राहुल सिंह, सनत सिंह, मदन सिंह,जीतू सिंह,पंडित रमेश तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने अपने विचार रखे। वहीं कटंगी थाना प्रभारी गोपेंद्र सिंह ने नशे के दुष्परिणामों और उसकी रोकथाम के उपायों पर जानकारी देते हुए ग्रामीणों से जागरूकता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।


