विशेष संवाददाता, अमानगंज (पन्ना)
अमानगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम नयापुरा द्वारी में एक 42 वर्षीय व्यक्ति द्वारा फांसी लगाकर खुदकुशी करने का मामला सामने आया है। सुबह-सुबह हुई इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
अमरूद के पेड़ से लटका मिला शव
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान लल्लू ढीमर (उम्र 42 वर्ष), पिता स्वर्गीय किशोरा ढीमर, निवासी नयापुरा द्वारी के रूप में हुई है। परिजनों ने सुबह लगभग 7:30 बजे लल्लू का शव घर के पास लगे अमरूद के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका हुआ देखा।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना तुरंत परिजनों द्वारा अमानगंज थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतरवाया। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। लल्लू ढीमर ने यह आत्मघाती कदम किन कारणों के चलते उठाया, इसका खुलासा अभी तक नहीं हो सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच में जुट गई है।
