विशेष संवाददाता, अमानगंज (पन्ना)
लगातार हो रही भारी बारिश के कारण अमानगंज क्षेत्र में बने बाढ़ के हालातों के बीच गुनौर विधायक डॉ. राजेश कुमार वर्मा ने ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर स्थिति का मुआयना किया। उन्होंने जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर पीड़ित परिवारों से सीधी बात की और उनकी समस्याएं सुनीं।
नुकसान का तुरंत सर्वे कराने के निर्देश
विधायक ने प्रशासनिक अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि बाढ़ से किसानों की फसलों, व्यापारियों के प्रतिष्ठानों और आम जनता के मकानों-सामानों को हुए नुकसान का प्राथमिकता पर सर्वे कराया जाए। नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर तत्काल शासन को भेजी जाए, जिससे सभी प्रभावितों को समय पर उचित मुआवजा और राहत राशि मिल सके।
राहत शिविर में व्यवस्थाओं की पड़ताल
प्रभावित इलाकों के दौरे के बाद डॉ. वर्मा शासकीय कन्या शाला में बनाए गए अस्थाई राहत शिविर पहुंचे। यहां शरण लिए हुए परिवारों से मिलकर उन्होंने ढांढस बंधाया और कहा कि संकट की इस घड़ी में शासन-प्रशासन पूरी तरह उनके साथ खड़ा है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि शिविर में भोजन, साफ पेयजल और दवाइयों जैसी जरूरी सुविधाओं में कोई कमी नहीं आनी चाहिए।
जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की अपील
विधायक ने आम जनता से अपील की कि वे उफनते नदी-नालों और गहरे पानी वाले इलाकों से सुरक्षित दूरी बनाकर रखें और प्रशासन के सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने दोहराया कि लोगों की जान-माल की सुरक्षा पहली प्राथमिकता है और राहत कार्य लगातार जारी रहेंगे।

