पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह सहित कई जनप्रतिनिधियों ने टेका माथा; मनमोहक झांकियों और अहीर नृत्य ने मोहा मन
विशेष संवाददाता, जबलपुर मध्यप्रदेश
संस्कारधानी जबलपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का महापर्व बड़े ही धूमधाम और उल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर यादव महासभा, जबलपुर के तत्वावधान में सनातन धर्म मंदिर (तीन पत्ती, पुराना बस स्टैंड) से भव्य एवं दिव्य शोभायात्रा निकाली गई, शोभायात्रा में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया और शहरवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इस दौरान पूरा मार्ग 'जय श्री कृष्णा' और 'गोविंद बोलो हरि गोपाल बोलो' के जयकारों से गूंज उठा।
आकर्षण का केंद्र रहीं जीवंत झांकियां और पारंपरिक नृत्य
शोभायात्रा में शामिल नयनाभिराम झांकियों ने हर किसी का ध्यान खींचा। इनमें लड्डू गोपाल झूला, रासलीला, खाटू श्याम जी, यशोदा मैया का मक्खन मंथन, नरसिंह भगवान, गिरिराज धारण, बांके बिहारी जी और 'गौमाता-राष्ट्रमाता' की सजीव झांकियां शामिल रहीं। इसके अलावा पारंपरिक अहीर नृत्य, आदिवासी लोकनृत्य, अखाड़ों के हैरतअंगेज करतब, सजी-धजी बग्घियां, अश्वरोही दल, धमाल पार्टी और भजन मंडलियों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
संतों और जनप्रतिनिधियों की रही गरिमामयी मौजूदगी
इस विशाल धार्मिक आयोजन में नरसिंह पीठाधीश्वर डॉ. स्वामी नृसिंहदास जी महाराज का सानिध्य प्राप्त हुआ। वहीं सांसद आशीष दुबे, महापौर जगत बहादुर सिंह 'अन्नू', विधायक लखन घनघोरिया, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, नगर भाजपा अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती अश्वनी परांजपे, जिला अध्यक्ष श्रीमती आत्मिका सिंह, पूर्व विधायक तरुण भनोत, विनय सक्सेना, संजय यादव, भारत सिंह यादव, शिव यादव सहित यादव समाज के वरिष्ठ प्रतिनिधि और हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

