नवलखा, छावनी और रालामंडल में अलग-अलग ठिकानों पर दबिश; 13.5 लीटर विदेशी शराब, 10 लीटर बियर और 33.3 लीटर देशी मदिरा बरामद
इंदौर, खबर केसरी - इंदौर शहर में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने सख्त तेवर अपना लिए हैं। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देश और सहायक आयुक्त आबकारी श्री अभिषेक तिवारी के मार्गदर्शन में विभाग ने एक विशेष अभियान चलाकर शहर के अलग-अलग इलाकों में बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान हाई रेंज की विदेशी शराब और देशी मदिरा की तस्करी करते हुए 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
कंट्रोलर श्री कमलेश सोलंकी और डिप्टी कंट्रोलर श्री मनोज अग्रवाल द्वारा बनाई गई विशेष टीम ने मुखबिरों की सटीक सूचना पर इन कार्रवाइयों को अंजाम दिया। इन सभी आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) के तहत 4 अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।
कहाँ-कहाँ और किस पर हुई कार्रवाई?
- नवलखा क्षेत्र: सुबह गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर संजू नाम के व्यक्ति को पकड़ा गया। यह प्लास्टिक की बोरियों में रखकर शराब बेच रहा था। इसके पास से 50 पाव देशी मदिरा (प्लेन) और 50 पाव देशी मदिरा (मसाला) जब्त की गई।
- छावनी क्षेत्र: होंडा एक्टिवा (CG10-AP5192) पर अवैध शराब का परिवहन करते हुए अंकित सैनी को गिरफ्तार किया गया। इसके बैग से ब्लैक एंड व्हाइट, रॉकफोर्ड व्हिस्की और ओल्ड मॉन्क रम की कुल 18 बोतलें बरामद हुईं।
- रालामंडल एवं असरावद खुर्द: यहाँ दी गई दबिश में गीताबाई के पास से 20 बीयर के कैन और मनीष चौधरी के पास से 40 पाव देशी मदिरा (मसाला) और 45 पाव देशी मदिरा (प्लेन) बरामद की गई।
इस टीम ने दिया कार्रवाई को अंजाम
इस पूरी धरपकड़ में आबकारी उपनिरीक्षक श्री आशीष जैन, श्रीमती त्रियंबिका शर्मा, श्रीमती वैशाली भगत और श्री आकाश मेश्राम समेत पूरे हमराह स्टाफ की अहम भूमिका रही।
#JansamparkMP #indore #इंदौर #JanSunwai #GoodGovernance #KhabarKesari #MPNews #madhypradesh
