जबलपुर (विशेष संवाददाता)। संस्कारधानी के विश्वप्रसिद्ध पर्यटन स्थल भेड़ाघाट स्थित मां नर्मदा का सरस्वती घाट गुरुवार की शाम हजारों दीयों की अलौकिक रोशनी से जगमगा उठा। अवसर था देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस का, जिसे बरगी विधानसभा क्षेत्र में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में बड़े ही उत्साह और सेवा भावना के साथ मनाया गया। बरगी विधायक नीरज सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में 5,100 दीप प्रज्ज्वलित कर मां नर्मदा का पूजन-अर्चन किया गया और प्रधानमंत्री की दीर्घायु व उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई।
युवाओं ने संभाली कमान, रक्तदान महाअभियान की शुरुआत
दीपोत्सव के पावन अवसर पर विधायक नीरज सिंह की उपस्थिति में क्षेत्र के युवाओं ने एक बड़े रक्तदान महाअभियान का आगाज किया। इस दौरान दर्जनों युवाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा का संकल्प लिया। विधायक नीरज सिंह एवं उपस्थित अन्य वक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संघर्षशील जीवन का स्मरण करते हुए एक सामान्य कार्यकर्ता व साइकिल प्रचारक से लेकर विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता और प्रधानमंत्री बनने तक के उनके अनुकरणीय सफर पर प्रकाश डाला।
महीने भर चलेगा सेवा का कारवां
बरगी विधायक नीरज सिंह ने बताया कि यह आयोजन केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा। बरगी विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे जबलपुर जिले में यह 'सेवा संकल्प अभियान' लगातार एक महीने तक संचालित किया जाएगा। इस दौरान स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, स्वच्छता अभियान, पौधरोपण तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुँचाने वाले विविध जनसेवा के कार्य आयोजित किए जाएंगे।
समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता और हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

