सर्पमित्र ने किया सुरक्षित रेस्क्यू, सांप पकड़े जाने पर दुकानदार ने ली राहत की सांस
बेलखाडू / जबलपुर, मध्यप्रदेश, खबर केसरी - बेलखाडू के आश्रम कुटी मंदिर के बाजू स्थित एक खाद-बीज की दुकान में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दुकानदारों की नजर दुकान के अंदर बैठे एक जहरीले सांप पर पड़ी। करीब 9 फीट लंबे सांप को देखते ही दुकानदार घबरा गए और तत्काल इसकी सूचना सर्पमित्र अतुल कुशवाहा को दी गई।
सूचना मिलते ही सर्पमित्र अतुल कुशवाहा मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया। इसके बाद उसे आबादी क्षेत्र से दूर एक सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया।
सांप के दुकान में होने की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। काफी देर तक लोग सांप के रेस्क्यू को देखने के लिए मौके पर मौजूद रहे। सांप के सुरक्षित पकड़े जाने और दुकान से बाहर ले जाने के बाद दुकानदार ने राहत की सांस ली।
बताया गया कि बारिश के मौसम में आसपास के इलाकों में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में ग्रामीणों ने जहरीले जीव-जंतुओं के दिखाई देने पर उन्हें खुद पकड़ने या छेड़ने के बजाय विशेषज्ञ सर्पमित्र की मदद लेने की अपील की है।
