Breaking

खबर केसरी

गणेश उत्सव को लेकर बेलखाडू चौकी में हुई शांति समिति की बैठक

 


पुलिस ने गणेश समितियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन की अपील

बेलखाडू/जबलपुर, खबर केसरी - आगामी गणेश उत्सव को देखते हुए कटंगी थाना क्षेत्र के बेलखाडू पुलिस चौकी में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र की विभिन्न गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक तथा स्थानीय लोग शामिल हुए। बैठक का उद्देश्य गणेश उत्सव के दौरान क्षेत्र में शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना रहा बैठक में कटंगी थाना प्रभारी गोपेंद्र सिंह राजपूत एवं बेलखाडू चौकी प्रभारी अमित मिश्रा ने गणेश समितियों के सदस्यों से चर्चा कर आयोजन से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली पुलिस अधिकारियों ने सभी समितियों से अपील की कि गणेश उत्सव को आपसी भाईचारे, सद्भाव और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा किसी भी प्रकार की ऐसी गतिविधि से बचें, जिससे विवाद अथवा कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो।

पुलिस ने समितियों को मजबूत एवं सुरक्षित पंडाल तैयार करने, विद्युत कनेक्शन एवं विद्युत सप्लाई की उचित व्यवस्था रखने, पंडाल स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने तथा सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। इसके अलावा महिलाओं एवं पुरुषों के बैठने तथा दर्शन के लिए अलग-अलग व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो अधिकारियों ने कहा कि गणेश प्रतिमा स्थापना एवं विसर्जन के दौरान निर्धारित नियमों का पालन किया जाए। जुलूस एवं शोभायात्रा के दौरान फूहड़ता, अश्लीलता, शराबखोरी और आपसी विवाद से पूरी तरह बचें। आयोजन को धार्मिक गरिमा के अनुरूप रखते हुए सभी समितियां जिम्मेदारी के साथ पर्व मनाएं। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अथवा विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दी जाए।

बैठक में उपस्थित गणमान्य नागरिकों एवं समिति सदस्यों ने भी गणेश उत्सव के दौरान शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर जगमोहन उपाध्याय, रामराज भुर्रक, ईश्वर सिंह राजपूत, लक्ष्मी पटेल, कपिल पटेल, मदन तिवारी, आनंद शिवहरे, अंश साहू, जानू शिवहरे, पीयूष साहू, संतोष पटेल, मोंटी नगाइच, मिट्ठू सेन गजराज सिंह आदि गणेश उत्सव समितियों के सदस्य एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post