Breaking

khabar kesri

स्कूल-छात्रावास के बीच मौत का जाल: जमीन पर पड़ा ट्रांसफार्मर, जिम्मेदार बेखबर

 

बारिश में करंट का खतरा, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा — प्रशासन पर उठे सवाल


पनागर/जबलपुर

   पनागर नगर में स्थित पीएमश्री कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय और शासकीय आदिवासी कन्या छात्रावास के ठीक पास विद्युत विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। ट्रांसफार्मर बदलने के बाद उसका विद्युत बॉक्स जमीन पर ही खुले हाल में छोड़ दिया गया है, जो अब छात्राओं और स्थानीय लोगों के लिए सीधे मौत का खतरा बन चुका है।


    यह रोजाना सैकड़ों छात्राओं सहित पास ही बने शासकीय सामुदायिक अस्पताल आने वाली एम्बुलेंस, इलाज कराने आने जाने वाले बीमार लोगों के आने जाने का मुख्य मार्ग है, वहीं आसपास सुमन कन्या शाला, वरिष्ठ बुनियादी स्कूल भी संचालित हैं जहां हजारों बच्चे पढ़ने आते हैं। ऐसे में खुले में पड़ा ट्रांसफार्मर बॉक्स किसी बड़े हादसे को खुला न्योता दे रहा है।

लगातार हो रही बारिश ने बढ़ाया खतरा, कई दिनों से लापरवाही, कोई सुनवाई नहीं

लगातार हो रही बारिश के चलते जमीन पर रखे ट्रांसफार्मर बॉक्स और खुले तारों में पानी भरने की स्थिति बन रही है। ऐसे में करंट फैलने का खतरा कई गुना बढ़ गया है। जरा सी लापरवाही कभी मासूम छात्र - छात्राओं की जिंदगियों पर भारी पड़ सकती है, स्थानीय लोगों के अनुसार यह खतरनाक स्थिति कई दिनों से बनी हुई है, लेकिन विद्युत विभाग और नगर प्रशासन ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की। न तो बॉक्स को सुरक्षित किया गया और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया।



जिम्मेदारी तय हो — हादसा हुआ तो कौन होगा दोषी?

यदि समय रहते इस लापरवाही को नहीं सुधारा गया और कोई दुर्घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग और नगर प्रशासन की  होगी, ऐसे में आमजन की मांग है कि

▪ ट्रांसफार्मर बॉक्स को तत्काल पोल पर सुरक्षित लगाया जाए
▪ खुले तारों की मरम्मत कर क्षेत्र को सुरक्षित किया जाए
▪ स्कूल-छात्रावास क्षेत्र में बैरिकेडिंग व चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं

इनका कहना है -

उक्त ट्रांसफॉर्मर की यही स्थिति कई दिनों से है, साथ ही स्कूल के ऊपर से 11kv की लाइन भी है, जिसमें सेफ्टी हेतु विद्युत विभाग को सैंकड़ों बार चेताया गया, पत्र लिखे गए लेकिन अब तक किसी प्रकार की कोई पहल नही की गई, ईश्वर न करे कोई हादसा घटा तो उसकी जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए - महेंद्र चक्रवर्ती उपाध्यक्ष, नगर पालिका परिषद पनागर

Post a Comment

Previous Post Next Post