सागर/बंडा (खबर केसरी)
सागर जिले के बंडा ब्लॉक में संदिग्ध/अवैध जहरीली शराब के सेवन से घटी दुखद घटना के बाद जिला एवं संभागीय प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड़ पर आ गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए सागर कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और एसपी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
वरिष्ठ अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और सांत्वना दी। इसके साथ ही अस्पताल में भर्ती मरीजों का जायजा लेते हुए डॉक्टरों को उनके समुचित और त्वरित इलाज के कड़े निर्देश दिए।
दुकानों को किया गया सील, सैंपलों की जांच जारी
मामले में त्वरित एक्शन लेते हुए प्रशासन ने कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। एहतियातन तौर पर क्षेत्र की कई शराब दुकानों—बरेठी, बंडा, शाहगढ़, मगरधा, विनायका, दलपतपुर और बरायठा को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है। इन दुकानों से शराब के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।
प्रशासन की आमजन से अपील
घटना के बाद प्रशासन ने आम नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। जारी संदेश में कहा गया है कि जिन भी व्यक्तियों ने हाल ही में शराब का सेवन किया है और उन्हें उल्टी, सिरदर्द, बुखार, घबराहट या आंखों में धुंधलापन महसूस हो रहा है, वे एहतियात के तौर पर बिना किसी देरी के तुरंत निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर अपनी जांच व इलाज कराएं।

