Breaking

खबर केसरी

सोते समय महिला को सांप ने दो बार डसा, उपचार के दौरान मौत; सिमरिया गांव में मातम

 ​


बेलखाड़ू क्षेत्र के ग्राम सिमरिया में तड़के 4 बजे हुई दर्दनाक घटना, ​3.5 फीट लंबे काले सांप ने हाथ पर दो बार किया हमला, ​विक्टोरिया अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया, गांव में शोक की लहर

खबर केसरी, रज्जी शुक्ला, बेलखाड़ू - बेलखाड़ू चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सिमरिया में मंगलवार की अलसुबह सर्पदंश की एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। अपने घर के कमरे में सो रही 45 वर्षीय महिला को एक जहरीले सांप ने दो बार डस लिया। परिजन तत्काल महिला को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इस दुखद हादसे के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

​दो बार काटा, तब खुली नींद

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिमरिया निवासी संतोष दाहिया की पत्नी जनक रानी दाहिया (45) मंगलवार सुबह करीब 4 बजे अपने कमरे में सो रही थीं। इसी दौरान कमरे में दाखिल हुए करीब साढ़े तीन फीट लंबे काले सांप ने उनके हाथ में डस लिया। पहली बार काटने पर महिला को तुरंत अहसास नहीं हुआ, लेकिन कुछ ही देर में जब सांप ने दोबारा हाथ में डसा तो तेज दर्द के कारण जनक रानी की नींद खुल गई।

​खून निकलता देख चीख पड़ीं महिला

​जागने पर जनक रानी ने देखा कि उनके हाथ से खून बह रहा है और पास ही काला सांप मौजूद है। घबराकर उन्होंने शोर मचाया, जिसकी आवाज सुनकर परिजन तुरंत कमरे में पहुंचे। परिजनों के आते ही सांप भागकर कमरे के एक कोने में छिप गया।

​अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

​परिजन बिना समय गंवाए जनक रानी को तत्काल उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, शरीर में जहर तेजी से फैलने के कारण उनकी स्थिति बेहद गंभीर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद ही उन्हें मृत घोषित कर दिया।

​घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बुधवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद गमगीन माहौल में जनक रानी दाहिया का अंतिम संस्कार किया गया। इस हादसे से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

#belkhadoo #panagar #jabalpur #madhypradesh #khabarkesri 

Post a Comment

Previous Post Next Post