विक्की नेताजी, कटंगी, खबर केसरी - गणेशोत्सव के समापन अवसर पर गणपति विसर्जन शुक्रवार को नगर में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही विभिन्न स्थानों पर स्थापित भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं को श्रद्धालु गाजे-बाजे और भक्ति गीतों के साथ विसर्जन स्थल की ओर लेकर निकले।
विसर्जन यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। डीजे की धुन पर युवा जमकर थिरकते नजर आए, वहीं श्रद्धालुओं ने “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय कर दिया। नगर के प्रमुख मार्गों पर गणेश प्रतिमाओं के साथ निकली शोभायात्राओं को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
इस दौरान बारिश भी श्रद्धालुओं के उत्साह को कम नहीं कर सकी। बारिश के बीच भी लोग भक्ति और उमंग के साथ विसर्जन यात्रा में शामिल रहे। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने नाचते-गाते हुए भगवान गणेश को विदाई दी।
गणेश विसर्जन को लेकर नगर प्रशासन एवं पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए। विसर्जन स्थलों पर भीड़ को नियंत्रित करने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा।
पूरे नगर में देर शाम तक भक्ति, उल्लास और गणपति बप्पा के जयकारों की गूंज सुनाई देती रही। श्रद्धालुओं ने नम आंखों से विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश को विदाई दी और अगले वर्ष फिर से आने की कामना की।
#katangi #jabalpur #ganeshvisarjan #jabalpur #madhypradesh

