दमोह/हटा, खबर केसरी : मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के हटा क्षेत्र से कर्मचारियों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वाली गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। सबस्टेशन पर तैनात एक कर्मचारी की नशे में धुत होने के कारण 11 केवी लाइन सुधार रहे लाइनमैन और हेल्पर करंट की चपेट में आने से बाल-बाल बचे। घटना के बाद कनिष्ठ अभियंता ने वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र लिखकर आरोपी ऑपरेटर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
परमिट के बाद भी चालू रखी बिजली की सप्लाई
हटा ग्रामीण क्षेत्र अंतर्गत 11 केवी लाइन टिकरिया डीएल में फाल्ट सुधारने का कार्य किया जाना था। लाइनमैन अनिल कुमार कोरी द्वारा 33/11 केवी सबस्टेशन पर तैनात ऑपरेटर/हेल्पर नीलेश मिश्रा से दूरभाष के माध्यम से विधिवत परमिट लिया गया था।
नियम अनुसार परमिट दिए जाने पर सबस्टेशन से बिजली सप्लाई बंद की जानी चाहिए थी, लेकिन शराब के नशे में धुत सबस्टेशन ऑपरेटर नीलेश मिश्रा द्वारा न तो लाइन बंद की गई और न ही एबी स्विच (AB Switch) काटा गया।
डिस्चार्ज राड लगाते ही हुआ हादसा, बाल-बाल बचे कर्मचारी
कर्मचारी साथी ने बताया कि जैसे ही लाइनमैन एवं हेल्पर पुष्पेन्द्र कुशवाहा ने लाइन पर डिस्चार्ज राड लगाने का प्रयास किया, लाइन में हाई वोल्टेज करंट प्रवाहित होने के कारण तेज स्पार्किंग हुई और डिस्चार्ज राड मौके पर ही क्षतिग्रस्त हो गई। सौभाग्यवश, दोनों कर्मचारी विद्युत प्रवाह की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए और बड़ा हादसा टल गया।
मौके पर जांच में शराब के नशे में मिला ऑपरेटर
घटना की सूचना मिलते ही कनिष्ठ अभियंता द्वारा सबस्टेशन का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ऑपरेटर नीलेश मिश्रा अत्यधिक शराब के नशे में पाया गया।
पत्र के अनुसार, इससे पूर्व भी 28 जुलाई 2026 को उक्त कर्मचारी ड्यूटी के दौरान अत्यधिक नशे की हालत में पाया गया था। उस समय पुलिस थाना प्रभारी द्वारा सूचना दिए जाने के बाद उसका मेडिकल/अल्कोहल परीक्षण कराया गया था, जिसमें उसके नशे में होने की पुष्टि हुई थी।
लाइनमैनों में फैला खौफ, सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग
सबस्टेशन ऑपरेटर की इस जानलेवा लापरवाही से विद्युत कंपनी की छवि धूमिल हुई है। साथ ही क्षेत्र में कार्यरत लाइनमैन एवं आउटसोर्स कर्मचारियों में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त हो गया है, जिससे कर्मचारियों ने काम करने में असमर्थता जताई है।
कनिष्ठ अभियंता हटा द्वारा पूरे मामले से सहायक अभियंता (हटा) तथा कार्यपालन अभियंता (दमोह) को लिखित रूप से अवगत कराते हुए आरोपी कर्मचारी नीलेश मिश्रा के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का निवेदन किया गया है।
.jpg)