खबर केसरी जबलपुर: - कॉलेज के दिनों की यादें ताजा करना और पुराने साथियों से मिलना हमेशा एक अलग ही खुशी देता है। कुछ ऐसा ही शानदार माहौल आज जबलपुर के जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय (JNKVV) में नजर आया, जहां पूर्व छात्रों (Alumni) के लिए एक भव्य 'स्नेह समारोह' का आयोजन किया गया।
शिक्षा और संस्कार से तैयार हो रहे होनहार
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे प्रदेश के आनंद विभाग (स्वतंत्र प्रभार) के मंत्री श्री लखन पटेल ने सभी एलुमनाई को संबोधित किया और उन्हें अपनी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जेएनकेविवि ने हमेशा अपने छात्रों को बेहतरीन शिक्षा के साथ-साथ ऐसे संस्कार दिए हैं, जिनकी बदौलत वे आज अलग-अलग क्षेत्रों में राष्ट्र सेवा कर रहे हैं।
कृषि ही है जीवन का असली आधार
इस खास मौके पर मध्य प्रदेश पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष श्री रामकृष्ण कुसमरिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने खेती-किसानी को जीवन का असली आधार बताते हुए यूनिवर्सिटी और वहां से निकले छात्रों के योगदान की जमकर तारीफ की।
नई पीढ़ी को दें मार्गदर्शन
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. पी.के. मिश्रा ने भी पूर्व छात्रों से एक खास आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पुराने छात्र अपने अनुभवों और ज्ञान को आज की नई पीढ़ी के साथ जरूर साझा करें, ताकि नए छात्रों को आगे बढ़ने के लिए सही मार्गदर्शन मिल सके।
#JNKVV #Jabalpur #khabarkesri #DepartmentOfAnandMP #AlumniMeet #madhypradesh #lakhanpatel
