Breaking

खबर केसरी

भोपाल में कांग्रेस का बड़ा हल्ला बोल: मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर किया विशाल प्रदर्शन

 


पीसीसी दफ्तर के बाहर जनसभा के बाद कांग्रेस ने निकाला पैदल मार्च, जीतू पटवारी और उमंग सिंघार समेत कई दिग्गजों ने भरी हुंकार।

​भोपाल (खबर केसरी डेस्क) - मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आज सियासी पारा काफी हाई रहा। 'लोकतंत्र की रक्षा' का नारा बुलंद करते हुए मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) ने सड़क पर उतरकर बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर एक विशाल पैदल मार्च निकाला।

​पैदल मार्च शुरू होने से पहले भोपाल स्थित पीसीसी कार्यालय के सामने एक बड़ी जनसभा का आयोजन किया गया। इस जनसभा में कांग्रेस के कई बड़े चेहरे एक साथ नजर आए। मंच से पार्टी के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने हुंकार भरी।

चुनाव आयोग पर साधा निशाना

जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता हरीश चौधरी ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाए और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से तुरंत इस्तीफे की मांग की, वहीं प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भारी भीड़ को संबोधित करते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि कांग्रेस देश में लोकतांत्रिक मूल्यों से कोई समझौता नहीं करेगी।

​मंच से कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा, "जब-जब लोकतंत्र पर प्रहार होगा, जनता की आवाज़ बनकर कांग्रेस यूं ही सड़क पर उतरेगी।"

राजधानी की सड़कों पर दिखा कांग्रेस का दम

इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए, जिससे राजधानी की सड़कों पर काफी गहमागहमी देखने को मिली। राजनीतिक जानकारों की मानें तो इस विशाल पैदल मार्च और जनसभा के जरिए कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि वह चुनाव आयोग और लोकतांत्रिक मुद्दों को लेकर अब पूरी तरह से आक्रामक रुख अपनाने वाली है।

#bhopal #congress #khabarkesri #madhypradesh #gyaneshkumar #votchori 

Post a Comment

Previous Post Next Post