Breaking

खबर केसरी

पन्ना में फूटा विस्थापितों का गुस्सा: मझगांय बाँध पर फिर शुरू हुआ 'चिता आंदोलन', प्रशासन पर तानाशाही का आरोप

 


पन्ना/अजयगढ़ (खबर केसरी)। मझगांय बाँध में जलस्तर बढ़ने से कई गांव टापू बन चुके हैं और ग्रामीणों के घर पानी में समा रहे हैं। इस संकट के बीच विस्थापितों के सब्र का बाँध टूट गया और उन्होंने एक बार फिर ‘चिता आंदोलन’ का बिगुल फूंक दिया है। जय किसान संगठन के बैनर तले मझगांय बाँध, केन-बेतवा लिंक परियोजना और रुंझ बाँध के प्रभावित किसान व आदिवासी वनहरीकला टपरिया में एक मंच पर आ गए हैं।

​'सिर्फ गाँव नहीं, मानवता और संविधान भी डूब रहा'

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता अमित भटनागर ने पन्ना जिला प्रशासन पर संवेदनहीनता, तानाशाही और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, "विकास की कीमत वही लोग चुका रहे हैं जिनके घर, खेत और जीवन इस परियोजना के लिए कुर्बान हो रहे हैं। केन-बेतवा परियोजना में लोकायुक्त द्वारा पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े जाने के बाद भी प्रशासन का रवैया नहीं बदला। छतरपुर प्रशासन जहां लोगों की सुन रहा है, वहीं पन्ना प्रशासन पूरी तरह आंखें मूंदे बैठा है। जब तक न्याय नहीं मिलेगा, चिता आंदोलन जारी रहेगा।"

​संगठन की दिव्या अहिरवार और हिसाब राजपूत ने भी दो टूक चेतावनी दी कि 'न्याय नहीं तो बाँध नहीं' के संकल्प के साथ जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए यह लड़ाई लड़ी जाएगी।

​आंदोलन के प्रमुख बिंदु:

  • ​टापू बने गाँव: पुनर्वास और पूरे मुआवजे के बिना ही जलस्तर बढ़ाए जाने से सैकड़ों परिवार पानी से घिरकर बेघर होने की कगार पर हैं।
  • ​विस्थापितों की एकजुटता: मझगांय, रुंझ डैम और ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन के सैकड़ों प्रभावित परिवार आंदोलन में शामिल हुए।
  • ​कांग्रेस का समर्थन: जिला उपाध्यक्ष राकेश गर्क, पूर्व प्रत्याशी शिवजीत सिंह और ब्लॉक अध्यक्ष जगदीश यादव सहित कई कांग्रेसी नेताओं ने मौके पर पहुंचकर आंदोलन को अपना समर्थन दिया।

​प्रदर्शन में मंगल यादव, दीपक द्विवेदी, गया प्रसाद कोंदर, कलावती आदिवासी, कृपाल रजक, मेवालाल प्रजापति, रामौतार कोंदर, सुखदेव कोंदर और प्रमोद यादव समेत भारी संख्या में प्रभावित ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर डटे रहे।


#
PannaNews, #MajhgayDamChitaAndolan, #KenBetwaLinkProject, #AjaygarhPanna #Protest, #AmitBhatnagar, #Khabar Kesri

Post a Comment

Previous Post Next Post