कटंगी (जबलपुर)। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को जबलपुर संभागीय कमिश्नर धनंजय सिंह भदौरिया ने कटंगी नगर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और शासकीय उचित मूल्य की दुकान पर पहुंचकर जमीनी व्यवस्थाओं का गहन मुआयना किया और आम जनता से सीधा संवाद साधा।
मरीजों से सीधा संवाद, पूछीं समस्याएं
कमिश्नर धनंजय सिंह भदौरिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कटंगी पहुंचे, जहां उन्होंने ओपीडी, वार्ड और दवा वितरण कक्ष की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने उपचार के लिए आए मरीजों और उनके परिजनों से आत्मीयता से बातचीत करते हुए पूछा कि उन्हें स्वास्थ्य केंद्र में इलाज या दवाओं को लेकर किन-किन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कमिश्नर ने मौके पर मौजूद स्वास्थ्य अमले से व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर आवश्यक जानकारी तलब की।
राशन वितरण व्यवस्था का लिया जायजा
स्वास्थ्य केंद्र के बाद कमिश्नर ने नगर में संचालित शासकीय उचित मूल्य (राशन) दुकान का भी निरीक्षण किया। उन्होंने राशन के स्टॉक रजिस्टर की जांच की और वहां मौजूद हितग्राहियों से नियमित व निर्धारित मात्रा में राशन मिलने को लेकर जानकारी ली।
कमियों को जल्द दूर करने का भरोसा
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण में सामने आई कमियों को लेकर रीजनल हेल्थ डायरेक्टर डॉ. भरत खटीक ने कहा कि संभागायुक्त द्वारा चिन्हित की गई कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा, ताकि क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
इस औचक निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग एवं राजस्व विभाग के वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
