विक्की नेताजी, खबर केसरी, कटंगी - कटंगी नगर में चल रहे दशलक्षण महापर्व के सातवें दिन ‘उत्तम तप धर्म’ की आराधना पूरे श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ की गई। इस अवसर पर धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी धूम रही।
सुबह पूजा और तत्वार्थ सूत्र वाचन से शुभारंभ
प्रतिभा मंडल इंदौर से पधारीं ब्रह्मचारिणी दीदी के सान्निध्य में सुबह सामूहिक रूप से भगवान श्रीजी का अभिषेक, शांतिधारा एवं पूजन संपन्न कराया गया। इसके उपरांत श्रद्धालुओं ने तत्वार्थ सूत्र का वाचन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
संगीतमय आरती में उमड़ी भीड़, गणमान्य नागरिक रहे मौजूद
शाम को आयोजित सामूहिक आरती में पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। नगर के युवा सजल जैन, सोन्टू जैन, तनिश जैन एवं उनकी टीम ने सुमधुर भजनों के साथ संगीतमय आरती प्रस्तुत की। कार्यक्रम में नगर थाना प्रभारी गोपेंद्र सिंह राजपूत एवं नगर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष मनोज तिवारी (बल्ला महाराज) सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन कर सहभागिता निभाई।
तप से ही आत्मशुद्धि और संयम संभव: - ब्रह्मचारिणी दीदी
धर्मसभा को संबोधित करते हुए ब्रह्मचारिणी दीदी ने कहा कि तप मनुष्य को आत्मसंयम और आत्मशुद्धि की ओर ले जाता है। उन्होंने केवल बाह्य तप ही नहीं, बल्कि आंतरिक भावों की शुद्धि पर बल दिया। दीदी ने श्रद्धालुओं से दैनिक जीवन में संयम और अनुशासन अपनाने का आह्वान किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में तंबोला प्रतियोगिता का आकर्षण
धार्मिक सभा के पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में तंबोला प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें जैन समाज के युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और प्रतियोगिता का आनंद उठाया।
