Breaking

खबर केसरी

सिहोरा में 'जन-जल सेवा यात्रा' का भव्य स्वागत: विधायक ने सफाई कर्मियों के धोए चरण, किया सम्मान

 


PM मोदी के जन्मदिवस और 25 वर्षों की सेवा यात्रा पर वाराणसी से वड़नगर तक निकाली जा रही यात्रा, गौ सेवा, वृक्षारोपण और पूर्व सैनिकों का भी हुआ सम्मान

​सिहोरा, जबलपुर, ख़बर केसरी - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं सार्वजनिक जीवन में उनके 25 वर्षों की सेवा यात्रा के उपलक्ष्य में आयोजित 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत वाराणसी से वड़नगर तक निकाली जा रही 'जन-जल सेवा संकल्प बाइक यात्रा' का सिहोरा विधानसभा क्षेत्र में भव्य स्वागत किया गया। विधायक संतोष वरकड़े के नेतृत्व में क्षेत्रीय नागरिकों और कार्यकर्ताओं ने यात्रा का उत्साहपूर्वक अभिनंदन किया।

रुक्मणि पैलेस में भावुक क्षण: सफाई कर्मियों के धोए चरण

​सिहोरा के रुक्मणि पैलेस में आयोजित मुख्य स्वागत कार्यक्रम के दौरान एक बेहद संवेदनशीलता और सम्मान से भरा दृश्य देखने को मिला। विधायक संतोष वरकड़े ने नगर पालिका के सफाई कर्मियों के अपने हाथों से चरण धोकर उनका अभिनंदन किया। विधायक ने सफाई मित्रों को शॉल व श्रीफल भेंट कर उनके अनवरत श्रम, समर्पण और सेवाभाव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

​गौ सेवा, वृक्षारोपण और पूर्व सैनिकों का सम्मान

​सिहोरा से रवाना होकर यात्रा गोसलपुर पहुंची, जहाँ संवेदगिरी गौशाला में सेवा यात्रियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने गौ सेवा की और परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

​इसके पश्चात यात्रा के गांधीग्राम बुढ़ागर पहुंचने पर क्षेत्रवासियों ने ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया। यहाँ आयोजित कार्यक्रम में देश की रक्षा में योगदान देने वाले भूतपूर्व सैनिकों का पुष्पमाला और शॉल पहनाकर भावभीना सम्मान किया गया।

वाराणसी से वड़नगर तक जन-जागरण का संदेश

​सेवा यात्रियों के लिए भोजन की व्यवस्था के बाद यात्रा अपने अगले पड़ाव की ओर रवाना हो गई। यह बाइक यात्रा स्वच्छता, श्रम सम्मान, गौ सेवा, पर्यावरण संरक्षण, राष्ट्रसेवा और जनभागीदारी का सशक्त संदेश लेकर आगे बढ़ रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post