Breaking

खबर केसरी

अवैध शराब प्रकरण: उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने BMC में की समीक्षा बैठक, बोले— दोषियों और लापरवाहों पर होगी सख्त कार्रवाई, सीएम कर रहे मॉनिटरिंग


 

सागर (खबर केसरी): जिले के बंडा क्षेत्र में अवैध व जहरीली शराब के सेवन से प्रभावित हुए मरीजों के मामले को लेकर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं सागर जिले के प्रभारी मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने बुन्देलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) के कॉन्फ्रेंस हॉल में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने मरीजों के इलाज और पुलिस-प्रशासन द्वारा अब तक की गई कार्रवाई का विस्तृत जायजा लिया।

​उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं और खुद मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जिले में अवैध शराब की बिक्री पर तुरंत और पूर्णतः रोक लगाई जाए। सभी शराब दुकानों की जांच, उनके स्टॉक की निगरानी और पूरे अवैध कारोबार की गहन जांच हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

​स्वास्थ्य सुविधाओं और मरीजों की स्थिति (109 मरीज उपचाराधीन)

​कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने बताया कि जहरीली शराब से प्रभावित कुल 109 मरीजों का उपचार जारी है:

  • ​बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC): 85 मरीज (12 आईसीयू में भर्ती)।
  • ​जिला चिकित्सालय: 17 मरीज।
  • ​सिविल अस्पताल बंडा: 7 मरीज।
  • ​भोपाल एम्स ट्रांसफर: 1 गंभीर मरीज को एयरलिफ्ट कर एम्स भोपाल भेजा गया है।

​डॉ. सौरभ जैन के अनुसार, मरीजों की स्थिति अब स्थिर है और आने की दर में कमी आई है। गंभीर मरीजों के लिए डायलिसिस, दवाएं और जांच की सुविधाएं प्राथमिकता पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शराब में मेथेनॉल की मिलावट थी और इसे बाहर से बनाकर सप्लाई किया गया था।

​पुलिस कार्रवाई: 20 पर नामजद एफआईआर, 10 गिरफ्तार

​पुलिस अधीक्षक श्री अनुराग सुजानिया ने बताया कि थाना बंडा और थाना विनायका में भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा म.प्र. आबकारी अधिनियम के तहत कुल 20 आरोपियों के खिलाफ नामजद प्रकरण दर्ज किया गया है।

  • ​विशेष पुलिस टीमों का गठन कर 10 आरोपियों को कस्टडी में ले लिया गया है, जिनसे पूछताछ जारी है।
  • ​अवैध शराब के मुख्य स्रोत और इसमें शामिल अन्य नेटवर्क का पता लगाने के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

​बैठक में वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

​बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने भी अपना पक्ष रखते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी अधिकारियों पर त्वरित कार्रवाई की मांग की। इस समीक्षा बैठक में सागर विधायक शैलेंद्र जैन, बंडा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, कमिश्नर अनिल सुचारी, डीआईजी एस.एस. चौहान, कलेक्टर प्रतिभा पाल और एसपी अनुराग सुजानिया सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post