जबलपुर
नगर निगम जबलपुर आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार के मार्गदर्शन एवं जबलपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के मुख्य कार्यपालन अधिकारी
देवेंद्र सिंह चौहान के निर्देशन में CITIIS 2.0 परियोजना के अंतर्गत शहर के प्रमुख हाई फुटफॉल क्षेत्रों को चिन्हित कर उनके कायाकल्प की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
CITIIS 2.0 परियोजना के अंतर्गत जबलपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा प्राप्त निधि से शहर के प्रमुख हाई फुटफॉल क्षेत्रों में स्वच्छता, सौंदर्यीकरण एवं नागरिक सुविधाओं से संबंधित आवश्यक कार्य किए जाएंगे, ताकि इन क्षेत्रों को अधिक स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित एवं नागरिकों के लिए सुगम बनाया जा सके।
इसी क्रम में आज दिल्ली से आई NIUA (National Institute of Urban Affairs) की टीम द्वारा शहर के विभिन्न प्रमुख एवं व्यस्ततम क्षेत्रों का स्थल भ्रमण किया गया। टीम ने चौपाटी, सिविक सेंटर, बड़ा फुहारा, ISBT, मदन महल फोर्ट, गांधी भवन सहित अन्य प्रमुख स्थलों का दौरा कर इन क्षेत्रों की वर्तमान स्थिति का अवलोकन किया।
भ्रमण के दौरान टीम द्वारा संबंधित क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था, नागरिकों की आवाजाही, सार्वजनिक सुविधाओं, कचरा प्रबंधन, सौंदर्यीकरण तथा उपलब्ध स्थानों के बेहतर उपयोग की संभावनाओं का अध्ययन किया गया। साथ ही, इन हाई फुटफॉल क्षेत्रों में आवश्यक परिवर्तन एवं सुधार की संभावनाओं को तलाशते हुए ऐसे उपायों पर चर्चा की गई, जिनसे इन स्थानों को अधिक स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित एवं नागरिक-अनुकूल बनाया जा सके।
इस दौरान CITIIS परियोजना के सहायक नोडल अधिकारी श्री बालेंद्र शुक्ला, ई-गवर्नेंस मैनेजर श्री गजेंद्र सिंह एवं ESSNO श्री वत्सल खंडेलवाल द्वारा NIUA टीम को शहर भ्रमण के दौरान आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। अधिकारियों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों की वर्तमान स्थिति, स्थानीय परिस्थितियों एवं विकास की संभावनाओं से टीम को अवगत कराया गया।
CITIIS 2.0 के अंतर्गत प्रस्तावित यह पहल शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों के कायाकल्प, स्वच्छता व्यवस्था में सुधार एवं नागरिक सुविधाओं के उन्नयन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
