जबलपुर/बालाघाट, क्राइम/प्रादेशिक खबर - आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) जबलपुर की टीम ने गुरुवार अलसुबह 6 बजे सेवा सहकारी समिति मर्यादित मनेरी (जिला बालाघाट) के प्रबंधक विलास चौरे के लांजी स्थित आवास पर छापेमारी की। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में की गई इस सर्च कार्रवाई में EOW को अब तक 3 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति का पता चला है।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
ईओडब्ल्यू को विलास चौरे के खिलाफ अनुपातहीन संपत्ति अर्जित करने की शिकायत प्राप्त हुई थी। सत्यापन के दौरान आरोप सही पाए जाने पर आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 0/26 धारा 13(1)(बी), 13(2) भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई।
बरामद संपत्तियों का विवरण:
- भूमि, प्लाट एवं मकान: 70 लाख रुपये
- घरेलू सामान की इन्वेंट्री: 70 लाख रुपये
- 05 लक्जरी स्लीपर बसें: 1 करोड़ रुपये
- महिन्द्रा स्कॉर्पियो (न्यू): 15 लाख रुपये
- 02 बोलेरो एक्सेल: 15 लाख रुपये
- सुजुकी ग्रैंड विटारा: 12 लाख रुपये
- 03 दो पहिया वाहन: 2.5 लाख रुपये
- कुल अनुमानित संपत्ति: लगभग 3.04 करोड़ रुपये
बैंक खाते एवं लॉकरों की जांच जारी
छापेमारी के दौरान आरोपी और उसके परिजनों के नाम पर विभिन्न बैंकों में 08 खाते और कई बीमा पॉलिसियों के दस्तावेज मिले हैं। ईओडब्ल्यू की टीम बैंक खातों में जमा राशि और लॉकरों की जांच कर रही है। सर्च जारी रहने से बेनामी संपत्ति का यह आंकड़ा और बढ़ सकता है।
