विशेष संवाददाता सिवनी:
मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में नेशनल हाईवे-44 पर व्यापारी को निशाना बनाकर की गई 1.08 करोड़ रुपये की बड़ी डकैती का बंडोल थाना पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को धर दबोचा और उनके पास से 100 फीसदी मशरूका (लूटा गया माल) बरामद कर लिया है, जिसकी कुल कीमत करीब 1.11 करोड़ रुपये आंकी गई है।
CCTV फुटेज और 10 टीमों का शिकंजा
वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने त्वरित एक्शन लिया। नागपुर, जबलपुर और आसपास के इलाकों में दबिश देने के लिए 10 विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने हाईवे और संदिग्ध रास्तों के 200 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले। सटीक सूचना और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर सभी 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी:
- सोना-चांदी: 26 किलो चांदी और 320 ग्राम सोने के जेवरात।
- नकदी: व्यापारी से लूटी गई पूरी कैश राशि।
- वाहनों व अन्य जब्ती: वारदात में इस्तेमाल 2 मोटरसाइकिल और 7 मोबाइल फोन।
व्यापारी को हाईवे पर बनाया था निशाना
घटना बंडोल थाना क्षेत्र की है, जहां नेशनल हाईवे-44 से गुजर रहे व्यापारी को आरोपियों ने घेरकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस की इस मुस्तैदी और 24 घंटे के रिकॉर्ड समय में शत-प्रतिशत बरामदगी की मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और आम जनता द्वारा सराहना की जा रही है। सिवनी पुलिस की इस सफलता ने अपराधियों के हौसले पस्त कर दिए हैं।

