Breaking

खबर केसरी

आबकारी विभाग की समीक्षा बैठक: कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश, अवैध मदिरा के खिलाफ कार्रवाई और आय में 22.87% की वृद्धि



 इंदौर (खबर केसरी) -कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की अध्यक्षता में आज आबकारी विभाग के कार्यों एवं गतिविधियों की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सहायक आयुक्त आबकारी श्री अभिषेक तिवारी सहित विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने निर्देश दिए कि मदिरा के अवैध परिवहन, विक्रय एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी रखी जाए। इस संबंध में संचालित अभियान को और अधिक तेज करते हुए प्रभावी बनाया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार उन्होंने विभागीय कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए गंभीरता से प्रयास करने के निर्देश भी दिए।

आबकारी आय में 22.87 प्रतिशत की वृद्धि

बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से सितंबर 2026 तक इंदौर जिले में आबकारी विभाग को कुल 1,175 करोड़ 47 लाख 84 हजार 187 रुपये की आय प्राप्त हुई है। पिछले वित्तीय वर्ष की इसी अवधि में 956 करोड़ 66 लाख 68 हजार 600 रुपये की आय प्राप्त हुई थी। इस प्रकार गत वर्ष की तुलना में आबकारी आय में 22.87 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए आबकारी आय का वार्षिक लक्ष्य 2,431 करोड़ 7 लाख रुपये निर्धारित किया गया है। सितंबर 2026 तक प्राप्त आय वार्षिक लक्ष्य का 48.35 प्रतिशत है।

173 मदिरा दुकानों का निरीक्षण, 3,137 विभागीय प्रकरण दर्ज

बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1 अप्रैल से 30 सितंबर 2026 तक जिले में संचालित 173 कंपोजिट मदिरा दुकानों का सतत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाई गई अनियमितताओं के संबंध में कुल 3,137 विभागीय प्रकरण पंजीबद्ध किए गए।

इनमें से 2,354 प्रकरणों का निराकरण करते हुए 33 लाख 24 हजार 250 रुपये की पेनाल्टी अधिरोपित की गई है। शेष 746 प्रकरणों के निराकरण की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। मदिरा का निर्धारित न्यूनतम विक्रय मूल्य (MSP) से कम तथा अधिकतम विक्रय मूल्य (MRP) से अधिक दर पर विक्रय करने के मामलों में कुल 37 विभागीय प्रकरण दर्ज किए गए। इनमें से 26 प्रकरणों में 92 लाख 23 हजार 79 रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया है, जबकि शेष 11 प्रकरणों में 25 लाख 8 हजार 257 रुपये का जुर्माना अधिरोपित करने की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। इन सभी प्रकरणों में शुल्क अधिरोपित होने पर कुल राशि 1 करोड़ 17 लाख 31 हजार 336 रुपये होगी।

समग्र रूप से 3,137 प्रकरणों में से 2,354 सामान्य विभागीय प्रकरणों तथा 26 निराकृत MSP-MRP प्रकरणों सहित कुल 2,380 प्रकरणों में 1 करोड़ 25 लाख 47 हजार 329 रुपये की पेनाल्टी अधिरोपित की गई है।

अवैध मदिरा के विरुद्ध कार्रवाई में 4,173 प्रकरण

बैठक में बताया गया कि 1 अप्रैल से 12 अक्टूबर 2026 तक आबकारी विभाग द्वारा जिले में कुल 4,173 प्रकरणों में कार्रवाई की गई। इस दौरान 34,275 लीटर अवैध मदिरा तथा 76,071 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया। जब्त मदिरा एवं अन्य सामग्री का अनुमानित मूल्य 2 करोड़ 66 लाख 65 हजार 458 रुपये है।

इसके अतिरिक्त 98 वाहन जब्त किए गए, जिनका अनुमानित मूल्य 1 करोड़ 72 लाख 53 हजार 900 रुपये है। जब्त मदिरा, वाहनों एवं अन्य सामग्री का कुल अनुमानित मूल्य 4 करोड़ 39 लाख 19 हजार 358 रुपये बताया गया है।

कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने निर्देश दिए कि अवैध मदिरा निर्माण, परिवहन, विक्रय एवं भंडारण पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सतत निगरानी रखी जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

#JansamparkMP #indore #इंदौर #khabarkesri #madhypradesh #aabkarivibhag #collectorindore 

Post a Comment

Previous Post Next Post