Breaking

खबर केसरी

जबलपुर में क्राइम ब्रांच और पुलिस की बड़ी स्ट्राइक, 2.5 लाख के 5 किलो गांजे के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार

 

उड़ीसा से ट्रेन के जरिए गढ़ा रेलवे स्टेशन पहुंचे थे तस्कर, पुलिस को देखकर भागते समय घेराबंदी कर दबोचे गए

​जबलपुर, खबर केसरी : - जबलपुर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस का एक्शन लगातार जारी है। क्राइम ब्रांच और तिलवारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गढ़ा रेलवे स्टेशन के पास से दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।

​पुलिस को देखकर भागने लगे थे तस्कर

तिलवारा थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा ने बताया कि एसपी सम्पत उपाध्याय के कड़े निर्देशों पर नशे के कारोबारियों पर नकेल कसी जा रही है। रविवार (11 अक्टूबर 2026) की रात क्राइम ब्रांच और पुलिस की टीम पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान गढ़ा रेलवे स्टेशन के बाहर दो युवक पिठ्ठू बैग टांगे हुए नजर आए। पुलिस की गाड़ी देखते ही दोनों अचानक पीछे मुड़कर भागने लगे। उनका यह संदिग्ध आचरण देख पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी की और दोनों को धर दबोचा।

​उड़ीसा के सप्लायर से जुड़ा है तार

तलाशी लेने पर दोनों युवकों के बैग से 1-1 पैकेट में रखा कुल 5 किलो गांजा बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपियों की पहचान आदित्य पटेल (21 वर्ष) और पीयूष कुशवाहा (22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो गोहलपुर (नई बस्ती) के रहने वाले हैं। पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि वे यह माल उड़ीसा के जिला कांटाबाजी (ग्राम बेलपुरा) निवासी आमिर नाम के सप्लायर से लेकर आए थे।

​एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से गांजा जब्त कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस उड़ीसा के उस सप्लायर की भी कुंडली खंगाल रही है, जिससे ये गांजा खरीदा गया था। इस पूरी कार्रवाई में क्राइम ब्रांच और तिलवारा पुलिस की टीम की सराहनीय भूमिका रही।

​#JabalpurPolice #GanjaSmuggling #MPNews #KhabarKesari #CrimeBranch #NDPSAct #BreakingNews #Madhypradesh 

Post a Comment

Previous Post Next Post